दयालपुर में दर्दनाक हादसा : राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने जताया शोक, PMO ने मुआवजे का किया ऐलान
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में चार मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत…
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में चार मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएमओ ने मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के एक चार मंजिला इमारत के गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है और कई अन्य घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब अधिकतर लोग सो रहे थे। इमारत में करीब 20 से 25 लोग रह रहे थे।
अब तक 14 लोगों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। डिवीजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि इमारत पूरी तरह से गिर चुकी थी और कई लोग मलबे में फंसे हुए थे। राहत कार्य के दौरान अब तक 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
मौसम परिवर्तन हो सकता है हादसे का कारण
इमारत गिरने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि घटना से कुछ समय पहले दिल्ली में मौसम में बदलाव आया था, जिसमें तेज हवाएं और हल्की बारिश शामिल थी। यह माना जा रहा है कि यह मौसम परिवर्तन भी हादसे का कारण हो सकता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया शोक व्यक्त
उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के एक इमारत गिरने से हुई जनहानि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख प्रकट किया है।
मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं – राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 19, 2025
मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं – पीएम मोदी
वहीं, प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस दुखद घटना से अत्यंत व्यथित हैं और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दयालपुर इलाके में इमारत गिरने से जानमाल के नुकसान से दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की मदद कर रहा है।
Saddened by the loss of lives due to a building collapse in Dayalpur area of North East Delhi. Condolences to those who have lost their loved ones. May the injured recover soon. The local administration is assisting those affected.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be…
— PMO India (@PMOIndia) April 19, 2025
मृतक के परिजन को दो लाख और घायलों को 50,000 रुपए की राशि
प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह भी घोषणा की है कि हर मृतक के परिजन को दो लाख रुपए की मदद दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए की राशि दी जाएगी।