पश्चिम बंगाल में दर्दनाक सड़क हादसा, बिहार के 11 लोगों की मौत, सीएम नीतीश ने जताया शोक
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान में दर्दनाक सड़क हादसे में प्रदेश के 11 लोगों की मौत की घटना पर शोक प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को शवों को घर तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम बंगाल राज्य के पूर्वी वर्धमान में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर यात्रियों से भरी बस और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच हुई टक्कर में 11 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है।
सीएम ने मुआवजे की घोषणा की
मुख्यमंत्री ने बिहार के मृतक के शोक संतप्त परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके घरों तक पहुंचाने एवं घायलों के समुचित इलाज के लिए पश्चिम बंगाल सरकार से समन्वय स्थापित कर समुचित कार्रवाई करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।
सीएम नीतीश ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बताया जा रहा है कि मृतक सभी मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। गंगा सागर में स्नान करके यात्री लौट रहे थे। बस दुर्गापुर की ओर जा रही थी। यह दुर्घटना पूर्वी बर्धमान में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर नाला फेरी घाट पर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी गई।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू किया।