राहुल गांधी के सामने ही भिड़ गए दो नेता, एक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, Video Viral
पटना में राहुल गांधी के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट
राहुल गांधी के पटना दौरे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। सदाकत आश्रम में ‘हर घर कांग्रेस’ अभियान पर संवाद के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। राहुल गांधी ने कार्यक्रम को समाप्त कर दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।
बीते सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार दौरे पर गए थे। लेकिन पटना में उनके सामने ही पार्टी कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। पटना स्थित बिहार कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में जमकर हंगामा हुआ। पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राहुल गांधी पार्टी दफ्तर सदाकत आश्रम पहुंचे थे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ हर घर कांग्रेस का झंडा अभियान पर संवाद होना था। लेकिन कार्यक्रम में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को ‘चोर’ और ‘पॉकेटमार’ कहकर पीटना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ कार्यकर्ता एक व्यक्ति को दौड़ा दौड़ा कर पीट रहे हैं। हालांकि वह व्यक्ति खुद को कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता बता रहा था। स्थानीय नेताओं के मुताबिक यह विवाद लंबे समय से चल रही गुटबाजी का परिणाम था। बताया यह भी जा रहा है कि इस दौरान बिहार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह गेट के बाहर ही थे।
#WATCH बिहार: पटना में बिहार कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में हंगामा हुआ। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने यहां पहुंचे हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को ‘चोर’ और ‘पॉकेटमार’ कहकर भगा दिया। व्यक्ति खुद को कांग्रेस पार्टी का… pic.twitter.com/MzgqDbwlRf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 7, 2025
कार्यक्रम को समाप्त किया गया
राहुल गांधी ने स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को बीच में समाप्त कर दिया और सुरक्षा के बीच सदाकत आश्रम से रवाना हो गए। जहां एक ओर पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है वहीं इस घटना से पार्टी का कलह सबके सामने आ गया है।
क्या बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
इस घटना के बाद बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
‘गेस्ट एंट्री मारी और निकल गए’, Rahul की बिहार पदयात्रा पर जमकर बरसी Shambhavi Choudhary