W3Schools
Advertisement

दीपोत्सव-2026 में लोक संस्कृति का महाकुंभ, यूपी के 16 जिलों सहित देशभर के कलाकार बिखेरेंगे रंग

दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सड़कों और सांस्कृतिक मंचों पर देशभर की लोककलाओं की झलक देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों के कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोक विधाओं की प्रस्तुति देंगे। आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
04:22 PM Nov 04, 2026 IST | Amit Kumar
दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सड़कों और सांस्कृतिक मंचों पर देशभर की लोककलाओं की झलक देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों के कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोक विधाओं की प्रस्तुति देंगे। आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
दीपोत्सव 2026 में लोक संस्कृति का महाकुंभ  यूपी के 16 जिलों सहित देशभर के कलाकार बिखेरेंगे रंग
Ayodhya Deepotsav 2026

उत्तर प्रदेश /अयोध्या: दीपोत्सव-2026 में इस बार रामनगरी की सड़कों और सांस्कृतिक मंचों पर देश की विविध लोक परंपराओं के रंग देखने को मिलेंगे। आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकार अपने पारंपरिक नृत्यों और लोक विधाओं की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही अन्य राज्यों के कलाकार भी अपनी क्षेत्रीय लोककलाओं के माध्यम से दीपोत्सव की सांस्कृतिक भव्यता बढ़ाएंगे। लोकनृत्यों की यह विविधता अयोध्या में देश की सांस्कृतिक एकता और परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।

Advertisement

उत्तर प्रदेश के लोकनृत्य होंगे प्रमुख आकर्षण

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश के लोक कलाकार दलों में मथुरा का मयूर और बम रसिया नृत्य, प्रयागराज का ढेढ़िया नृत्य, बांदा का पाई डंडा, सोनभद्र का मांदल-सिंघा और करमा नृत्य प्रमुख आकर्षण होंगे।

Advertisement

उन्होंने बताया कि अयोध्या के कलाकार बधावा, फरुवाही तथा डमरू और शंख नृत्य की प्रस्तुति देंगे। वहीं, गाजीपुर का धोबिया, गोरखपुर का वनटांगिया, पीलीभीत का थारू, झांसी का राई, सुलतानपुर का नटवरी और बहराइच का डोमकच नृत्य भी अपनी लोक परंपराओं की झलक दिखाएगा।

Advertisement

दूसरे राज्यों की लोककलाएं भी बढ़ाएंगी उत्सव की भव्यता

Ayodhya Deepotsav 2026
Ayodhya Deepotsav 2026

दीपोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों की लोक विधाओं को भी स्थान दिया गया है। पश्चिम बंगाल के कलाकार श्रीखोल, ओडिशा के कलाकार मास्क डांस, शाही जात्रा, रणप्पा चढ़ैया और शंख वादन की प्रस्तुति देंगे।

झारखंड का पुरुलिया छऊ, मध्य प्रदेश का गुदुम बाजा, कर्नाटक का ढोलु कुनीथा और गुजरात का तलवार रास भी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।

इसके अलावा राजस्थान का घूमर-चरी, बिहार की झिझिया, चेन्नई की कावड़ी, कड़गम और मयूर नृत्य तथा आंध्र प्रदेश का बोनालू भी दीपोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का हिस्सा होंगे। इन लोक विधाओं के माध्यम से दर्शकों को देश की विविध लोक परंपराओं, वेशभूषा, संगीत और नृत्य शैलियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

शोभायात्रा में भी दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

Ayodhya Deepotsav 2026
Ayodhya Deepotsav 2026

दीपोत्सव की शोभायात्रा में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव को जीवंत बनाएंगे। इसमें प्रयागराज का ढेढ़िया नृत्य, मथुरा का मयूर नृत्य, बांदा का पाई डंडा, सोनभद्र का मांदल एवं सिंघा नृत्य और अयोध्या का बधावा नृत्य शामिल रहेगा।

इसके साथ ही आजमगढ़ के कलाकार धोबिया नृत्य और प्रयागराज के कलाकार कबीर गायन प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शोभायात्रा में प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

लोककलाओं को मंच देने और नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल

दीपोत्सव में लोक कलाकारों की भागीदारी का उद्देश्य पारंपरिक कला रूपों को मंच देना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है। मयूर, करमा, राई, धोबिया, थारू और छऊ जैसी लोक विधाएं अपने क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी हैं।

ऐसे आयोजनों से कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, वहीं विभिन्न क्षेत्रों की लोक परंपराएं व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचती हैं।

सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश देगा दीपोत्सव

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग, अमृत अभिजात ने बताया कि दीपोत्सव-2026 में दीपों की रोशनी के साथ लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक कलाओं की छटा भी रामनगरी को खास पहचान देगी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और देश के अनेक राज्यों से आने वाले कलाकार अयोध्या को सांस्कृतिक संगम का स्वरूप देंगे। लोक प्रस्तुतियों के जरिए दीपोत्सव भारतीय संस्कृति की विविधता, परंपरा और आपसी एकता का संदेश भी प्रसारित करेगा।

यह भी पढ़ें: सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा पहुंचे अरिंजय चौधरी की पदयात्रा में, उमड़ा जनसैलाब

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×