कृष्ण के बाद अब श्रीराम पर बयान को लेकर विवाद, अखिलेश यादव ने शेयर किया धीरेंद्र शास्त्री का वीडियो, की बड़ी मांग
बाबा बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री हाल ही में अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। भगवान कृष्ण के बारे में उनकी टिप्पणियां सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे कई लोगों को ठेस पहुंची और विवाद बढ़ गया; इसके बाद उन्होंने सामने आकर माफी मांगी। इस बीच, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज सोशल मीडिया पर उनका एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें वे कथित तौर पर भगवान राम के बारे में कुछ कहते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को जारी करते हुए, सपा प्रमुख ने अब बाबा बागेश्वर से जुड़े सभी कार्यक्रमों को रद्द करने की मांग की है। तो चलिए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है?
बाबा बागेश्वर ने अब भगवान श्रीराम को लेकर क्या कहा?
बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों को लेकर पिछले दिनों से विवादों में हैं। इसी बीच सपा चीफ अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री बोल रहे हैं कि 'राम जी के पांच बाप थे' . इस वीडियो को लेकर अब सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है। राजनेताओं ने भी बाबा बागेश्वर के इस टिप्पणी पर नाराजगी जताई है। वहीं अखिलेश यादव ने बाबा बागेश्वर के सभी प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।
एक्स पर शेयर किया बाबा बागेश्वर का वीडियो
ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 3, 2026
अखिलेश यादव ने एक्स अकाउंट पर बाबा बागेश्वर का एक वीडियो शेयर कर लिखा, ''ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।''
जब अखिलेश ने अनिरुद्धाचार्य से पूछा था श्रीकृष्ण का पहला नाम
मालूम हो कि अखिलेश यादव ने इससे पहले कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के साथ धार्मिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। वह वायरल वीडियो साल 2023 में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुई कुछ सेकेंड की मुलाक़ात की है। उस दौरान अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में अनिरुद्धाचार्य से पूछा था कि जब भगवान कृष्ण का जन्म हुआ और आधी रात को उन्हें मां के हाथों में दिया गया, तब मां ने उनका पहला नाम क्या पुकारा था। इस पर अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि भगवान के अनेक नाम हैं और माता ने सबसे पहले उन्हें 'कन्हैया' कहकर पुकारा था। उनके इस बातचीत का वीडियो काफी चर्चा में रहा था।

Join Channel