SIT की अंतिम रिपोर्ट आने दें, हर सवाल का दूंगा जवाब...इस्तीफे के बाद पहली बार बोले चंपत राय
Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का इस्तीफे के बाद पहला बयान सामने आया है। उन्होंने राम भक्तों के नाम एक पत्र लिखकर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। साथ ही कहा कि जब तक एसआईटी (SIT) की अंतिम रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक वह इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उनका कहना है कि अंतिम रिपोर्ट सामने आने के बाद वह एक-एक आरोप का विस्तार से जवाब देंगे।
मीडिया रिपोर्ट, चंपत राय ने अपने पत्र में कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके खिलाफ तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं। उन्होंने लिखा कि चढ़ावे से जुड़े मामले में उन पर बिना आधार के आरोप लगाए जा रहे हैं और कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने SIT की अंतिम रिपोर्ट आने तक मौन रहने का फैसला किया है।
पत्र में क्या बोले चंपत राय?

पत्र में उन्होंने अपने लंबे सामाजिक जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि साल 1991 से संगठन के निर्देश पर वह अयोध्या में कार्य कर रहे हैं और उनका करीब 45 सालों का प्रचारक जीवन पूरी तरह पारदर्शी रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां उन्होंने काम किया, उनका जीवन हमेशा खुली किताब की तरह रहा है। चंपत राय ने कहा कि SIT की रिपोर्ट शुरुआत में गोपनीय थी, लेकिन अब उससे जुड़ी कई बातें सार्वजनिक हो चुकी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद जो भी अंतिम रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर वह सभी सवालों का क्रमवार जवाब देंगे।
पूरे मामले की सच्चाई लोगों के सामने आ जाएगी

उनका दावा है कि उस समय पूरे मामले की सच्चाई लोगों के सामने आ जाएगी। इस पूरे विवाद के बीच सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक भी हुई। बैठक में चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। बैठक में मौजूद सदस्यों ने माना कि चढ़ावे से जुड़े आरोपों की वजह से ट्रस्ट की छवि को नुकसान पहुंचा है।
ट्रस्ट के सदस्यों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी वजह से ट्रस्ट ने फिलहाल SIT की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करने का फैसला किया है। मामले पर आगे की चर्चा के लिए अगली बैठक 22 जुलाई को बुलाई गई है।
अंतरिम रिपोर्ट में सामने आईं कई कमियां

इस मामले में सामने आई SIT की अंतरिम रिपोर्ट में मंदिर के चढ़ावे की व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर कई गंभीर कमियों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चढ़ावे की गिनती और उसकी सुरक्षा से जुड़े तय नियमों (SOP) का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ वीडियो में चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारी अपनी जेब और मोजों में पैसे रखते हुए दिखाई दिए।
इन तथ्यों के सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। अब सभी की नजर SIT की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Row: जेबों और जूतों में नोट छिपाते दिखे… CCTV से मिले 70 सबूत, SIT जांच में बड़े खुलासे
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel