2002 में बसपा से शुरू हुआ सियासी सफर, BJP में बने मंत्री, विधायक अनिल शर्मा का निधन
BJP MLA Anil Sharma Death: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को 63 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ने पर उनका निधन हो गया। अनिल शर्मा के निधन की खबर सामने आते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और उनके क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अनिल शर्मा के निधन की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके परिवार से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने उनके बेटे कुछ शर्मा से बातचीत कर संवेदना जताई और परिवार को इस मुश्किल समय में ढांढस बंधाया।सीएम योगी ने सोशल मीडिया के जरिए भी अनिल शर्मा के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री और बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट के विधायक अनिल शर्मा का निधन बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
गांव के प्रधान से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
अनिल शर्मा का जन्म और शुरुआती जीवन बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र के सुरजावली गांव में बीता। राजनीति में आने से पहले उन्होंने स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच काम किया। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत ग्राम प्रधान के तौर पर की थी।
साल 1989 में वह अपने पैतृक गांव सुरजावली के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार भी ग्राम प्रधान का चुनाव जीता। स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहने के बाद उनका राजनीतिक कद धीरे-धीरे बढ़ता गया और उन्होंने विधानसभा चुनाव का रुख किया।
2002 में पहली बार बने विधायक
अनिल शर्मा ने साल 2002 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर खुर्जा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में जीत हासिल कर वह पहली बार विधायक बने। इसके बाद 2007 में उन्होंने एक बार फिर खुर्जा सीट से चुनाव जीता और लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचे।
साल 2012 में उन्होंने बसपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मुकेश शर्मा के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
2017 में बीजेपी के टिकट पर जीते चुनाव
राजनीतिक सफर में बदलाव के बाद अनिल शर्मा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें शिकारपुर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। उन्होंने चुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी बीजेपी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री बनाया गया। मंत्री के तौर पर उन्होंने सरकार में जिम्मेदारी संभाली।
2022 में फिर जीते शिकारपुर सीट
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर अनिल शर्मा पर भरोसा जताया। उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर विधायक बने। इस तरह वह लगातार दूसरी बार बीजेपी के टिकट पर इस सीट से विधानसभा पहुंचे।
अनिल शर्मा लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। उनके निधन से बीजेपी ने एक अनुभवी नेता खो दिया है। उनके समर्थकों और क्षेत्र के लोगों के बीच भी शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: फाइटर पायलट से राम मंदिर के CEO तक, जानें कैसा रहा जितेंद्र मिश्रा का अयोध्या पहुंचने का सफर?

Join Channel