CM Yogi Mathura Visit: सीएम योगी का दो दिवसीय मथुरा दौरा, जन्माष्टमी समारोह में होंगे शामिल
CM Yogi Mathura Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह के लिये दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को मथुरा जाएंगे। इस दौरान वह अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने इस दौरे पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही वह कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जिनमें गीता शोध संस्थान में लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से बने श्री हरिदास सभाकक्ष का लोकार्पण भी शामिल है।

कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
उन्होंने बताया कि इस सभाकक्ष परियोजना की शुरुआत मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने की थी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना करने से पहले गीता शोध संस्थान परिसर में पौधे भी लगाएंगे। उन्होंने बताया कि आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्री कृष्ण जन्मस्थान पर पूजा-अर्चना करेंगे जहां आधे घंटे से कुछ ज्यादा समय के अपने दौरे के दौरान, वह भक्तों को संबोधित भी करेंगे।

CM Yogi Mathura Visit: सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज
जन्माष्टमी भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव है, जिन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। मथुरा और आसपास के ब्रज क्षेत्र का इस त्यौहार से खास जुड़ाव है क्योंकि मथुरा को कृष्ण का जन्मस्थान माना जाता है। बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ 'कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग' का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। वहीं दौरे के दूसरे दिन 4 सितंबर को सीएम श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन और गो पूजन करेंगे। सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर मथुरा में तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Join Channel