5 घंटे तक बाथरूम में लगाई घात, फिर लूट लिए लाखों, झांसी में पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए बुर्का गैंग के दो बदमाश!
उत्तर प्रदेश के झांसी के रामराजा दवा बाजार में हुई लूट के मामले ने सबको चौंका के रख दिया है। दरअसल, बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम बहुत ही चालाकी के साथ अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक Jhansi Encounter में दो आरोपी शामिल हैं और दोनों ही बाजार बंद होने से पहले ही बुर्का पहनकर बिल्डिंग के अंदर घुस गए थे। वहीं किसी को उन पर शक न हो, इसलिए वे सीधे छत पर बने बाथरूम में जाकर छिप गए। लगभग 5 घंटे तक वहीं इंतजार करने के बाद पूरे मामले को अंजाम दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे में जब देर रात पूरा बाजार में किसी भी तरह कि कोई हलचल नहीं दिखी और आसपास कोई नहीं था, तब दोनों आरोपी नीचे आए। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात दो सिक्युरिटी गार्डों को बंदूक दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद गार्डों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी, ताकि वे किसी तरह की कोई हरकत न कर सकें।
ग्राइंडर और गैस कटर से काटा शटर

वहीं दोनों गार्ड्स को बंदी बनाए जाने के बाद दोनों आरोपी पहली मंजिल पर स्थित महेश मेडिकल एजेंसी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राइंडर मशीन और गैस कटर की मदद से दुकान का शटर और ताले काट दिए। इसके बाद दुकान और गोदाम में रखे करीब दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सिर्फ कुछ ही मिनटों में अंजाम दिया गया।
ऐसे में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात से बचने के लिए कई सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। कुछ कैमरों का एंगल दूसरी ओर मोड़ दिया और कुछ कैमरों को कागज से ढक दिया। लेकिन कहते हैं न चोर चोरी करता है लेकिन कुछ न कुछ सबूत जरूर छोड़ जाता है। कई कैमरों में उनकी सारी हरकतें रिकॉर्ड हो गईं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले।
पुलिस मुठभेड़ में दोनों के पैर में लगी गोली

घटना के बाद नवाबाद थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सबूत और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी भगवंतपुरा से बसेरा फार्म जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल हालत में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस की तरफ से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन राजपूत निवासी रक्सा (झांसी) और दिनेश लोधी निवासी करैरा (शिवपुरी, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने इस लूट में शामिल होने की बात मान ली है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 1 लाख 49 हजार 100 रुपये कैश बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध .315 बोर के तमंचे, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और शटर काटने वाली ग्राइंडर मशीन भी जब्त कर ली गई है।
इस दौरान झांसी की एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले को लेकर आगे बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है, इस लूट की वारदात में सिर्फ दो ही लोग शामिल है या इनके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि जांच में इस मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Join Channel