कानपुर में मूसलाधार बारिश के बीच ढही कच्चे मकान की दीवार, 8 लोग मलबे में दबे; चार की हालत नाजुक
कानपुर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। कानपुर के सचेंडी स्थित कैधा नयापुरवा गांव में मूसलाधार बारिश की वजह से एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। हादसे में करीब 8 लोग मलबे में दब गए। आस पास के लोगों ने मलबे में दबे हुए लोगों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें से 4 लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
सोते हुए परिवार के ऊपर गिरी दिवार
कैधा नयापुरवा गांव निवासी मुन्ना सिंह अपनी पत्नी रमाकांती, तीन बेटे दीपक ,शुभम ,रौनक, बेटी अंजली, रिंकी और पिंकी के साथ रहते हैं। उनका मकान कच्चा था और वह कोठरी से सटे छप्पर के नीचे परिवार के साथ सोए हुए थे। लेकिन अचानक से करीब 3 बजे उनकी कोठरी की दीवार गिर गई और सभी सोए हुए लोग मलबे में दब गए ।
आसपास के ग्रामीण मौके पर बचाव के लिए पहुंचे
मकान की दीवार गिरने कि खबर सुनते ही आस-पास के ग्रामीण लोग मौके पर घटना स्थल पर पहुंचे और मलबे में फसे हुए लोगों को बाहर निकाला। इसके साथ ही लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। कड़ी मेहनत के बाद ग्रामीणों ने मलबा हटकर 8 लोगों को बाहर निकाला।
चार लोगों की हालत गंभीर
डॉक्टर ने घायल हुए मुन्ना सिंह, पत्नी रमाकांती, बेटी अंजली और बेटे शुभम की हालत गंभीर बताई है, जिसके चलते हुए डॉक्टर ने उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया है। वहीं, घायल हुए अन्य चार लोगों को मामूली चोटें आने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल घटनास्थल पर हालात सामान्य हैं।

Join Channel