₹4,000 दो जल्द दर्शन करा दूंगा! सावन के पहले सोमवार पर बाबा विश्वनाथ मंदिर में पकड़ा गया फर्जी पुजारी
Kashi Vishwanath Fake Priest Arrested: आज यानी 3 अगस्त को सावन का पहला सोमवार है। इस दौरान देश के अंदर सभी शिव मंदिरों में भक्तों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। इस बीच वाराणसी के बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु का तांता लगा हुआ है। ऐसे में एक व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर खुद को पुजारी बताकर श्रद्धालुओं से पैसे ऐंठने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की सतर्कता से आरोपी को कुछ ही देर में पकड़ लिया गया और पीड़ित श्रद्धालुओं के पैसे भी वापस करा दिए गए। जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक के मैसूर से नंदिनी अपने पति विनायक और दो अन्य लोगों के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने वाराणसी पहुंची थीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे में मंदिर में लंबी लाइन देखकर वे जल्द दर्शन कराने का कोई तरीका तलाश रही थीं। इसी दौरान बसंत पांडेय नाम का एक व्यक्ति उनके पास आया और खुद को मदद करने वाला बताकर सुगम दर्शन कराने का भरोसा दिया। आरोपी ने चारों लोगों से जल्दी दर्शन कराने के बदले ₹4,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा। श्रद्धालुओं ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए पेमेंट कर दी। लेकिन पैसे मिलते ही वह वहां से गायब हो गया।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
ऐसे में ठगी का शिकार हुई महिला ने तुरंत मंदिर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों से शिकायत की। सावन मेले की ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के इलाके में तुरंत जांच की और कुछ ही समय में बसंत पांडेय को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी से ऑनलाइन लिए गए पूरे ₹4,000 वापस पीड़िता के खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चौक थाने भेज दिया गया।
पुलिस ने श्रद्धालुओं को कराए बाबा के दर्शन
मामला सुलझाने के बाद पुलिस ने नंदिनी, उनके पति और साथ आए अन्य श्रद्धालुओं को बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन भी कराए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग से श्रद्धालु काफी खुश नजर आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों का धन्यवाद किया और उनके साथ यादगार तस्वीर भी खिंचवाई।
सावन में बढ़ जाती है ठगी की घटनाएं
बता दें कि सावन के महीने में बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। पहले सोमवार के अवसर पर दर्शन के लिए कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में कुछ शरारती लोग जल्द दर्शन कराने का लालच देकर लोगों से पैसे ठगने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। अगर कोई जल्दी दर्शन कराने या विशेष सुविधा दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है तो तुरंत मंदिर परिसर में मौजूद पुलिस या प्रशासन को इसकी जानकारी दें।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार से ‘जिम कांवड़’ लेकर निकले युवा, डंबल उठाकर दे रहे नशा मुक्ति का संदेश

Join Channel