Lucknow: बरसात में नागरिक सुविधाओं को लेकर योगी सरकार सतर्क, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखने के दिए निर्देश
Lucknow, September 2: योगी सरकार ने बारिश के दौरान नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जल निकासी, नाला-नालियों की सफाई और पेयजल आपूर्ति समेत कई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।
नगर विकास मंत्री ने नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की बड़ी वजह नाला-नालियों का जाम होना भी है। इसलिए सभी नगर निकायों में सफाई का काम गंभीरता से कराया जाए। सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट और कचरे को तुरंत हटाया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न पहुंचे। उन्होंने साफ कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलभराव वाले इलाकों की होगी पहचान

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में हर साल जलभराव की समस्या होती है, उन्हें चिन्हित किया जाए। ऐसे स्थानों पर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
एके शर्मा ने बैठक में पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरसात के मौसम में पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। लोगों को पर्याप्त और साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।
त्योहारों को देखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
आगामी त्योहारों को देखते हुए मंत्री ने नगरीय व्यवस्थाओं को पहले से मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरों में लोगों की आवाजाही और भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत सभी नागरिक सुविधाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई कराने के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएं। नगर विकास मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगमों और नगर निकायों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं।एके शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस पूरी व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगर निगमों और नगर निकायों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: Lucknow: नौकरी की टेंशन होगी कम! योगी सरकार ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए तैयार किया ‘सुरक्षा कवच’

Join Channel