Shahjahanpur Temple Double Murder: शाहजहांपुर के मंदिर में खौफनाक वारदात से हड़कंप! दो साधुओं की हत्या के बाद जलाए गए शव, जानें क्या है पूरा मामला
Shahjahanpur Temple Double Murder: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंदिर परिसर में दो बुजुर्ग साधुओं की हत्या का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मंदिर के अंदर दोनों साधुओं की हत्या की गई और इसके बाद उनके शवों को जला दिया गया। मृतकों की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है। पुलिस ने एक स्थानीय ग्रामीण को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में मंदिर की संपत्ति और जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस ने दी घटना की पूरी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के सुथा गांव की है। बुधवार रात हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ और देखरेख करने वाले दो साधुओं की मौत की सूचना पुलिस को मिली। घटना के बाद मंदिर परिसर में आग लगी हुई थी, जिसकी वजह से दोनों के शव भी जल गए। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों साधु काफी लंबे समय से मंदिर परिसर में रह रहे थे और मंदिर की देखरेख करते थे। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कर ली है।
मंदिर की जमीन को लेकर था विवाद
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने सुमित सिंह नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों साधुओं की पहले हत्या की गई और बाद में उनके शवों को जलाया गया या फिर आग लगने के दौरान ही उनकी मौत हुई।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की सही वजह और घटना का पूरा क्रम स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।

Join Channel