पीएम की प्रेरणा व सीएम के मार्गदर्शन से यूपी बना नंबर वन - ए.के. शर्मा
UP News : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा), इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को भी जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी ने प्रदेश के लाखों परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिले। इसी दिशा में विभाग द्वारा निरंतर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की समीक्षा भी की। उन्होंने योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के चयन से लेकर आवास निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब हमारा लक्ष्य इस उपलब्धि को बनाए रखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और तेजी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव अनुज कुमार झा, निदेशक सूडा महेंद्र बहादुर सिंह, विशेष सचिव प्रवीण लक्ष्यकार, कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री को बेसहारा लोगों की परवाह
उत्तर प्रदेश में सर्दियों की आहट शुरू होते ही प्रदेश में बेसहारा लोगों को ठिठुरन से बचाव करने के निर्देश दिये हैं। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य सरकार जाड़े के मौसम में किसी भी गरीब को खुले आसमान के नीचे ठिठुरने नहीं देगी।
इसके लिए पूरे प्रदेश में सर्वसुविधायुक्त शेल्टर होम (रैन बसेरे) बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी जाये। मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार बेसहारा, रिक्शा चालकों और प्रवासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कड़ाके की ठंड से पहले ही सभी चिन्हित स्थानों पर रैन बसेरे पूरी तरह से क्रियाशील हो जाने चाहिए। इन शेल्टर होम्स में कंबल, गद्दे, साफ पीने का पानी, शौचालय और अलाव का पुख्ता इंतजाम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें - इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला: बालिग बेटी को मर्जी के खिलाफ साथ रहने के लिए मजबूर नहीं कर सकते पेरेंट्स

Join Channel