Nainital Shimla Tourist Rush: 3 दिन के वीकेंड पर पहाड़ों में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, नैनीताल-कैंची धाम और शिमला में भारी जाम, होटल-होमस्टे फुल
देशभर में तीन दिन के वीकेंड पर सैलानियों का सैलाब पहाड़ों पर उमड़ने लगा है। कई शहरों में व्यवस्थाएं चरमरा गई है, होटल-होमस्टे फुल हो गए हैं और सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई है। ऐसे समय में प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। इस वजह से वहां के स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड पर रात गुजरने को मजबूर हुए पर्यटक
नैनीताल में इस लंबे वीकेंड का असर साफ़ देखने को मिला। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से होटल, होमस्टे और रिजॉर्ट फुल हो गए। बिना एडवांस बुकिंग पहुंचे कई पर्यटकों को रात में ठहरने के लिए कोई जगह नहीं मिली। कुछ पर्यटकों को बस स्टैंड और अन्य जगहों पर रात गुजारनी पड़ी। बढ़ती मांग के चलते कमरों के किराए भी काफी बढ़ा दिए गए। वहीं, करीब 12 हजार पर्यटकों के आने से हल्द्वानी रोड, भवाली रोड, कालाढूंगी रोड पर और आसपास की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
दूसरी तरफ, बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भी भारी जाम की स्थिति देखने को मिली। जोशीमठ से विष्णुप्रयाग तक करीब 7 से 9 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार देखने को मिली। इस वजह से बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालु, स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे कई घंटों तक जाम में फंसे रहे।
कैंची धाम में उमड़ा जन सैलाब
शनिवार को बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर के आस-पास कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति देखी गई। पर्यटक कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। कई लोग भूखे-प्यासे कतार में लगे रहे और जाम खुलने का इंतजार करते रहे। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार को करीब 35 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।
🚨 कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब! 🙏
शनिवार सुबह से कैंची धाम में हजारों श्रद्धालु नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। लंबी कतारें और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा परिसर खचाखच भरा हुआ है।
भारी भीड़ के चलते भवाली से कैंची धाम तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसका असर गरमपानी और खैरना तक दिखाई दे रहा है। 🚗🚌
हालात इतने बिगड़े कि हल्द्वानी और काठगोदाम की ओर जाने वाले कुछ यात्रियों की ट्रेन तक छूट गई। 🚆
#KainchiDham #NeemKaroliBaba #Nainital #Uttarakhand #KainchiDhamTemple
— Deepak Rana (@DeepakR21752645) October 3, 2026
शिमला की सड़कों पर भारी जाम
लॉन्ग वीकेंड के चलते हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कसोल जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। शिमला और मनाली में होटल फुल हो गए। भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से तारादेवी से शिमला तक लंबा जाम लग गया और लोगों को तीन किलोमीटर का सफर तय करने में एक घंटे तक का समय लगा।
शिमला के डीएसपी ट्रैफिक चंद्र शेखर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शिमला में 17 हजार से ज्यादा वाहन पहुंचे, जिनमें 7 हजार पर्यटकों की गाड़ियां थीं। वहीं, कुल्लू में दो दिनों में एक लाख से अधिक पर्यटक और 11 हजार से ज्यादा टूरिस्ट वाहन आए हैं। पार्किंग फुल होने और भारी जाम की वजह से प्रशासन ने ट्रैफिक संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
Also Read: PUBG गेम में हुआ प्यार, बांग्लादेश से लखनऊ पहुंचा युवक; फर्जी दस्तावेज बनाने वाला साथी भी गिरफ्तार

Join Channel