हल्द्वानी में नकली ऑटो पार्ट्स बेचने वालों पर कार्रवाई, ISI मार्क और ऑथेंटिक ऑटो पार्ट्स की जांच
Haldwani News : शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहनों में इस्तेमाल होने वाले नकली एवं अमानक ऑटो पार्ट्स की बिक्री रोकने के लिए संबंधित विभाग की टीम लगातार निरीक्षण अभियान चला रही है। इसी क्रम में आज टीम ने शहर में ऑटो पार्ट्स की दुकानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुछ दुकानों पर डुप्लीकेट एलईडी लाइट सहित अन्य संदिग्ध सामान पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
गुणवत्ता सुनिश्चित करना उद्देश्य
संभागीय निदेशक विनोद गुंजाल ने बताया कि वाहनों में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स की गुणवत्ता सुनिश्चित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। टीम द्वारा आईएसआई मार्क एवं प्रमाणिकता से संबंधित मानकों की जांच की जा रही है, ताकि बाजार में नकली और अमानक सामान की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने बताया कि अब तक दो-तीन निरीक्षण किए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर डुप्लीकेट सामान मिलने पर नोटिस दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहता है और अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ भी कार्रवाई
विनोद गुंजाल ने बताया कि वाहनों में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। मोटरसाइकिलों में नियमों के विरुद्ध लगाए गए साइलेंसर हटाने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी महोदय और आरटीओ के निर्देशों के क्रम में अभियान निरंतर जारी है। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, वाहनों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखना तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नकली ऑटो पार्ट्स और नियमों के विरुद्ध वाहनों में किए गए बदलावों के खिलाफ निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Join Channel