अल्मोड़ा में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, एक ही गांव के 4 ग्रामीणों की मौत, 2 गंभीर
Almora Alto Car Accident : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। चायखान-बेगानिया मार्ग पर बलिया गांव के पास एक मारुति अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में छह लोग सवार थे, जिनमें से चार ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे के बाद पूरे लमगड़ा क्षेत्र में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Four Killed in Almora : मृतकों की पहचान
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और लमगड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं, लेकिन ग्रामीणों की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, जान गंवाने वाले चारों लोग ग्राम बलिया के ही रहने वाले थे, जिससे पूरे गांव में चूल्हे नहीं जले। मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (50) के रूप में हुई है।
Uttarakhand Road Accident : पिता की मौत, बेटा अस्पताल में

इस हादसे में नियति का एक बेहद क्रूर चेहरा भी सामने आया। मृतकों में शामिल राजेंद्र सिंह बेलवाल का 18 वर्षीय बेटा सचिन बेलवाल भी उसी कार में बैठा था। आंखों के सामने पिता ने दम तोड़ दिया और सचिन खुद गंभीर रूप से घायल हो गया। सचिन के अलावा गोपाल सिंह (45) भी इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए हैं।
पुलिस की तफ्तीश शुरू
दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया है। दोनों आईसीयू में भर्ती हैं।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर गहरा शोक है। लमगड़ा पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। कार में कोई तकनीकी खराबी आई थी या हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ, इसकी पूरी जांच की जा रही है।

Join Channel