नई Kawasaki ZX-10R बनी आस मोहम्मद की आखिरी सवारी! सड़क हादसे में ‘UK Rider’ की मौत
Ashu UK Rider Death: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, पांवटा साहिब जाते समय मशहूर यूट्यूबर और बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ ‘आशु यूके राइडर’ की सड़क हादसे में मौत हो गई है। 25 वर्षीय आशु शुक्रवार सुबह अपनी नई Kawasaki ZX-10R बाइक से सफर कर रहे थे। इसी दौरान बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि आशु बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आस मोहम्मद ने हाल ही में नई स्पोर्ट्स बाइक Kawasaki ZX-10R खरीदी थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को उन्होंने करीब 22 लाख रुपये की इस बाइक की डिलीवरी ली थी। बाइक लेने के बाद वह देहरादून से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हिंदूवाला के पास उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बाइक सड़क पर अनियंत्रित होने के बाद सीधे डिवाइडर से टकरा गई। तेज रफ्तार के कारण टक्कर काफी जोरदार बताई जा रही है। हादसे में आशु बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हेलमेट पहना था, फिर भी नहीं बच सकी जान
हादसे के समय आशु ने हेलमेट पहना हुआ था। लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट भी सिर से निकलकर दूर जा गिरा। इसके बावजूद वह हादसे में लगी गंभीर चोटों से नहीं बच सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की। आशु की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक इस घटना पर दुख जता रहे हैं।
पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा
आस मोहम्मद उत्तराखंड और आसपास के इलाकों में सोशल मीडिया पर ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से काफी लोकप्रिय थे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 9 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह अक्सर बाइक राइडिंग से जुड़े वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करते थे। उनके वीडियो में तेज रफ्तार बाइक चलाने और स्टंट से जुड़े कंटेंट भी देखने को मिलते थे।
बाइकिंग के शौकीन युवाओं के बीच उनकी अच्छी पहचान थी। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत की खबर से उनके फॉलोअर्स भी हैरान हैं। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा समेत जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया।
यह भी पढ़ें: राखी से पहले हरिद्वार के रुड़की में भाई ने दो बहनों को मारी गोली, दोनों की मौत से मचा हड़कंप

Join Channel