हल्द्वानी में IDBI बैंक के प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री के विरोध में बैंक कर्मी 36 घंटे की भूख हड़ताल पर
Haldwani News : हल्द्वानी के बुद्धा पार्क में सोमवार को आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) के प्रस्तावित निजीकरण के खिलाफ अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 'यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एप्लॉयीज' के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और एलआईसी (LIC) से बैंक की प्रस्तावित बिक्री को तुरंत रोकने और इसके सार्वजनिक क्षेत्र के चरित्र को बनाए रखने की मांग की गई। इस आंदोलन को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दीपक बलूटिया समेत कई प्रमुख मजदूर और बैंक यूनियनों का पूरा समर्थन मिला है।
दिग्गज यूनियनों का समर्थन और नेताओं के संबोधन
धरना स्थल पर एआईबीओसी (AIBOC) के अध्यक्ष गौरव जोशी, यूएफबीयू (UFBU) के अध्यक्ष रोहित वर्मा और ओम प्रकाश ने पहुंचकर अपना सक्रिय समर्थन जताया। इस दौरान ऑल इंडिया आईडीबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIIDBIOA) के महासचिव पीयूष कुमार मौर्य और गवर्निंग काउंसिल मेंबर गगन यादव ने अपने संबोधन से प्रदर्शनकारियों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि आईडीबीआई बैंक सिर्फ एक कमर्शियल बैंक नहीं, बल्कि देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास की एक ऐतिहासिक संस्था है, जिसने छह दशकों से अधिक समय में देश की आत्मनिर्भरता में अहम योगदान दिया है।
संसद के पुराने आश्वासनों की याद और तीखे सवाल
यूनियन के नेताओं ने याद दिलाया कि वर्ष 2003 में तत्कालीन वित्त मंत्री जसवंत सिंह ने संसद के दोनों सदनों में आईडीबीआई में कम-से-कम 51 प्रतिशत सरकारी हिस्सेदारी बनाए रखने का आश्वासन दिया था। संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति की 46वीं रिपोर्ट में भी इसी बात की सिफारिश की गई थी। अब कर्मचारियों का बड़ा सवाल यह है कि संसद में दिए गए उस आश्वासन का क्या हुआ? क्या बिना पर्याप्त संसदीय जवाबदेही के किसी सार्वजनिक वित्तीय संस्थान के भविष्य से जुड़ी प्रतिबद्धता को बदला जा सकता है?
यूनियन ने यह भी सवाल उठाया कि जब आरबीआई के 'प्रॉम्प्ट करेक्टिव एक्शन' (PCA) और वित्तीय संकट के दौर से गुजरने के बाद सरकार, एलआईसी और कर्मचारियों के त्याग से बैंक ने दोबारा लाभप्रदता हासिल की है, तो अब इसका नियंत्रण निजी निवेशकों को सौंपने की क्या जरूरत है?
यूनियन की पांच प्रमुख मांगें
- केंद्र सरकार और एलआईसी द्वारा आईडीबीआई बैंक की प्रस्तावित बिक्री (फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग लिमिटेड की मूल इकाई को) तत्काल रोकी जाए।
- संसद में दिए गए आश्वासनों का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार बैंक में न्यूनतम 51% हिस्सेदारी बरकरार रखे।
- बैंक में केंद्र सरकार की 51% या उससे अधिक हिस्सेदारी के साथ जमाकर्ताओं को सॉवरेन गारंटी दी जाए।
- मौजूदा कर्मचारियों की सेवा शर्तों, पेंशन, कल्याणकारी सुविधाओं और सरकारी आरक्षण नीतियों की लिखित गारंटी मिले।
- बैंक में कार्यरत सभी कर्मचारियों की नियुक्तियों के पब्लिक सेक्टर के चरित्र की रक्षा की जाए।
देशव्यापी दो दिवसीय भूख हड़ताल
यूनाइटेड फोरम के आह्वान पर 2 और 3 नवंबर 2026 को देश भर में दो दिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन किया जा रहा है। हल्द्वानी समेत देश के विभिन्न केंद्रों पर कर्मचारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी एकता दिखा रहे हैं। यूनियनों ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई सिर्फ नौकरी बचाने की नहीं, बल्कि संसदीय जवाबदेही, पब्लिक बैंकिंग व्यवस्था और देश की आर्थिक संप्रभुता को बचाने की है।

Join Channel