उत्तराखंड में चारधाम यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 5 लोग अस्पताल पहुंचाए गए
Char Dham Bus Accident : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. गंगोत्री से केदारनाथ जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस धरासू-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा कंडीखाल और चंबा के बीच एक मोड़ पर हुआ, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कंडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे चंबा की ओर जा रही बस अचानक नियंत्रण खो बैठी. बताया गया है कि बस पहले सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराई और इसके बाद सड़क पर ही पलट गई.
Tehri Garhwal Bus Accident : यात्री हुए घायाल
हादसे के समय बस में कुल 22 लोग सवार थे। इनमें 18 चारधाम यात्री, दो रसोइये (कुक), चालक और परिचालक शामिल थे. दुर्घटना में पांच यात्री घायल हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंबा भेजा गया.
कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस चारधाम यात्रियों को लेकर गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी. इसी दौरान कंडीखाल और चंबा के बीच स्थित मोड़ पर यह हादसा हुआ.
5 injured : घायल यात्रियों की पहचान
दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सरल देवी (56 वर्ष), पत्नी अजय शर्मा, निवासी नई दिल्ली
- चरण सिंह (73 वर्ष), पुत्र सूरज भान, निवासी हरियाणा
- जयश्री (52 वर्ष), पत्नी दिनेश, निवासी गुरुग्राम, हरियाणा
- ज्योति (37 वर्ष), पत्नी अमित कुमार, निवासी बल्लभगढ़, हरियाणा
- ओमप्रकाश गोयल (65 वर्ष), पुत्र ताराचंद्र, निवासी हरियाणा
पुलिस के अनुसार सभी घायल यात्रियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, यातायात सुचारू रखने के लिए दुर्घटनाग्रस्त बस को जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे हटा दिया गया है।

Join Channel