उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए रुकी
Char Dham Yatra Suspended : उत्तराखंड में हो रही मूसलाधार बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा को मंगलवार और बुधवार के लिए रोक दिया गया है। यानि 28-29 को यह यात्रा बंद रहेगी। बता दें यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि मौसम साफ होने और सड़कें पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। लगातार बारिश की वजह से केदारनाथ हाईवे पर मुनकटिया के पास पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिरने के कारण रास्ता बाधित हो गया है।
प्रशासन भारी मशीनों की मदद से युद्ध स्तर पर सड़क सफाई के काम में जुटा हुआ है। स्थिति पर नजर रखने के लिए यात्रा कंट्रोल रूम लगातार रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर रहा है।
खतरे के बीच राहत और बचाव कार्य जारी

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बारिश के कारण रास्तों के बंद होने की आशंका बनी हुई है। मुनकटिया में बंद सड़क को फिलहाल खोल दिया गया है, लेकिन वहां ऊपर से पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
सुरक्षा टीमें और सेक्टर अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर यात्रियों को सुरक्षित रास्तों से पार करवा रहे हैं। पड़ावों पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के जरिए अलर्ट किया जा रहा है और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है।
देहरादून - ऋषिकेश में हाई अलर्ट पर पुलिस
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि जिले में भारी बारिश को देखते हुए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस की टीमें नदियां, बरसाती नालों और संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते गंगा घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है जो लोगों को नदी के पास न जाने और एडवाइजरी का पालन करने की लगातार अपील कर रहा है।
यह भी पढ़ें - नौकरी और लोन के नाम पर ‘OLX फ्रॉड’; उत्तराखंड एसटीएफ ने दबोचे दो साइबर ठग, कई बैंक किट बरामद

Join Channel