Dehradun Child Abuse Case: कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर बच्चों से अश्लील हरकत! लोगों ने आरोपी के मुंह पर कालिख पोतकर गुमाया गांव ,POCSO एक्ट केस दर्ज
Dehradun Child Abuse Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी इलाके में बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच गुस्सा देखने को मिल रहा है। वहीं स्थानीय लोगों मामले में शामिल आरोपी को पकड़कर उसके चेहरे पर कालिख पोतकर पुलिस के हवाले कर दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, परिजनों की शिकायत में आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ नंदू महाराज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना-धामपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वह उत्तराखंड विधानसभा की कैंटीन में काम करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी बच्चों को खाने-पीने की चीजों का लालच देकर अपने साथ ले जाता था। परिजनों का दावा है कि वह कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को पिलाता था और इसके बाद उनके साथ गलत हरकतें करता था। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
फोटो-वीडियो बनाकर डराने का दावा
इस मामले में आरोपी पर बच्चों की फोटो और वीडियो बनाने तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। परिजनों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर बच्चों को हथियार से नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर डराता था। बताया जा रहा है कि डर और धमकियों के कारण बच्चे काफी समय तक अपने परिवार को इस बारे में नहीं बता पाए। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कथित घटनाएं दिसंबर से फरवरी के बीच हुई थीं। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
गुस्साए लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग नाराज हो गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया, उसके चेहरे पर कालिख पोती और उसे सड़क पर घुमाया। इसके बाद भीड़ उसे लेकर थाने पहुंची और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नेहरू कॉलोनी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपों से जुड़े फोटो, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े क्या सबूत मौजूद हैं।
इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एक्स्पर्ट्स के अनुसार, बच्चों को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देना जरूरी है, ताकि वे किसी भी गलत व्यवहार या धमकी के बारे में बिना डरे अपने माता-पिता या किसी विश्वसनीय बड़े को बता सकें। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और कोर्ट की प्रक्रिया के अनुसार होगी।

Join Channel