15 हजार की सैलरी मांगी, मिली पुरानी साड़ियां… गुस्से में कर्मचारी ने कर दी बुजुर्ग मालकिन की हत्या, पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
Dehradun Woman Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डालनवाला इलाके में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे किसी बड़े आपराधिक गिरोह या पेशेवर अपराधी का हाथ नहीं था। आरोपी महिला के पति की दुकान पर काम करता था और आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 33 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तरकाशी जिले के बड़कोट तहसील के मंजयाली गांव का रहने वाला है और देहरादून में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता था। विनीत दिन में डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ नाम की किताबों की दुकान पर काम करता था। यह दुकान रेखा बंसल के पति दिनेश बंसल की बताई गई है। इसके अलावा वह रात के समय एक गेस्टहाउस में सुरक्षा गार्ड की नौकरी भी करता था।
पैसे की जगह पुरानी साड़ियां देने से भड़का आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि विनीत का करीब 15 हजार रुपये का एक महीने का वेतन बकाया था। बच्चों की स्कूल फीस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए जरूरी सामान खरीदने को लेकर वह आर्थिक दबाव में था। इसी वजह से वह अपना बकाया पैसा लेने के लिए बुधवार को दिनेश बंसल के घर पहुंचा था।
बताया गया है कि घर पर उस समय रेखा बंसल मौजूद थीं। विनीत ने उनसे बकाया वेतन के बारे में बात की। आरोप है कि रेखा ने उसे नकद पैसे देने के बजाय अपनी कुछ पुरानी साड़ियां दे दीं और कहा कि इन्हें बेचकर वह पैसे जुटा सकता है। मजदूरी के बदले नकद रकम नहीं मिलने से विनीत गुस्से में आ गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपना आपा खो दिया।
कड़े से हमला कर महिला की हत्या
पुलिस के मुताबिक, गुस्से में विनीत ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर हमला कर दिया। चोट लगने के बाद महिला के चिल्लाने पर आरोपी घबरा गया। उसे डर था कि आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच सकते हैं और वह पकड़ा जाएगा। आरोप है कि इसके बाद विनीत ने रेखा का मुंह और नाक दबा दिया। दम घुटने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने महिला के हाथ से सोने का कड़ा निकाल लिया और घर के पिछले दरवाजे से वहां से भाग गया।
देर शाम जब रेखा के पति दिनेश बंसल घर पहुंचे, तो उन्होंने पत्नी को बिस्तर पर मृत हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस की मदद ली गई और इलाके में लोगों से पूछताछ की गई।
CCTV और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनके आधार पर शक विनीत कुमार पर गया। पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस ने हत्या की वजह और वारदात से जुड़े कई अहम तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने आरोपी के पास से रेखा बंसल के हाथ से निकाला गया सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिवार के सामने भी खड़ा हुआ संकट
पुलिस के अनुसार, विनीत रोजगार की तलाश में पहाड़ से देहरादून आया था। वह एक साथ दो जगह काम करके परिवार का खर्च चलाता था। लेकिन बकाया वेतन और आर्थिक दबाव के बीच हुए विवाद ने उसे हत्या जैसे गंभीर अपराध तक पहुंचा दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके परिवार के सामने भी मुश्किल हालात पैदा हो गए हैं। उसकी पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग मां के सामने आर्थिक और पारिवारिक भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़ें: नीम करोली मंदिर के पास शिप्रा नदी का रौद्र रूप, कैंची धाम का Video हुआ वायरल

Join Channel