Kedarnath Yatra Route Accident: केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, 1500 यात्रियों को किया गया रेस्क्यू
केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास रविवार शाम पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने से पांच साल के एक बच्चे की ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद से वहां अफरा-तफरी मच गई। रेस्क्यू टीमों ने तुरंत बच्चे के शव को सुरक्षित बाहर निकाला और जंगलचट्टी पहुंचाया। इसके साथ ही, मलबे की वजह से रास्ते में फंसे करीब 1500 यात्रियों को भी रातभर रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पत्थरों की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि कंट्रोल रूम को चीरबासा के पास पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। पत्थरों की चपेट में आने से 5 वर्षीय यश की मौत हो गई। मृतक बच्चा उत्तर प्रदेश के एटा का रहने वाला बताया जा रहा है और उसके पिता का नाम रोहताश यादव है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम पहुंची। बच्चे को तुरंत पालकी की मदद से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया गया।
1500 श्रद्धालुओं को किया गया रेस्क्यू
पहाड़ से मलबा और पत्थर गिरने की वजह से चीरबासा क्षेत्र में केदारनाथ का पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद वहां तैनात रेस्क्यू टीम ने तुरंत अभियान चलाया और वहां फंसे करीब 1500 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश और बर्फ़बारी ने लोगों की मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं। कई मार्गों पर भूस्खलन की वजह से यातायात प्रभावित हुआ है। अगर आप भी चार धाम जाने का प्लान बना रहे हैं, तो वहां के मौसम की जानकारी जरूर रखें।

Join Channel