शनि नवग्रह मंदिर समिति ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली, शिक्षा और जनसुविधाओं में सहयोग की पहल
Kathgodam news : दीपावली के पावन अवसर पर शनि नवग्रह मंदिर समिति की ओर से काठगोदाम के सुंदर मोहल्ले में जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दीपावली की भेंट एवं प्रसाद वितरित किया गया। समिति की इस पहल का उद्देश्य त्योहार की खुशियां समाज के उन परिवारों तक पहुंचाना रहा, जिन्हें सहयोग और अपनत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है।
इस अवसर पर परिवारों को दीपावली के विशेष हैम्पर भेंट किए गए, जिनमें खिलौने, पेठा, तेल, दीया-बत्ती तथा दीपावली की पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री शामिल थी। वहीं, बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष किट वितरित की गईं, जिनमें पेंसिल, रबर, चॉकलेट सहित शिक्षा से जुड़ी उपयोगी सामग्री रखी गई थी। इस पहल के माध्यम से समिति ने बच्चों की खुशियों के साथ उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि रात के समय क्षेत्र में शेर आने से भय का माहौल बना रहता है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता भी सामने आई।
स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शनि नवग्रह मंदिर समिति ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार क्षेत्र में सोलर लाइट लगवाने तथा शौचालय निर्माण जैसे जनहित के कार्यों में सहयोग करने की पहल की। साथ ही, क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा में भी यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी पढ़ाई और आगे बढ़ने की राह में बाधा न बनें।
समिति के सदस्यों ने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल त्योहारों पर सहायता पहुंचाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहना, बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना और समाज की मूलभूत समस्याओं के समाधान में योगदान देना है। शनि नवग्रह मंदिर समिति भविष्य में भी अपनी क्षमता के अनुसार सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस सेवा अभियान में हेमंत भैय्यू, नरेश डांगी जी, नरेश भंडारी, दीपक साहू, राहुल गुप्ता, रचित गुप्ता एवं अमन जायसवाल सहित अनेक शनि सेवक उपस्थित रहे।

Join Channel