उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में फिर बड़ा हादसा, शॉटक्रीट लाइनिंग गिरने से झारखंड के एक मजदूर की गई जान
Silkyara Tunnel Accident: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बन रही सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग (टनल) में एक बार फिर बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। दरअसल, देर रात टनल के अंदर काम के दौरान कंक्रीट की लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे में झारखंड के रहने वाले 21 साल के एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। टनल के बड़कोट की ओर से लगभग 900 मीटर अंदर मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान टनल की दीवार पर की गई शॉटक्रीट (कंक्रीट की सुरक्षात्मक परत) का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरमराकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका। हादसे के बाद पूरे निर्माण क्षेत्र में कुछ समय के लिए काम रोक दिया गया।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने की मौत की पुष्टि
बता दें कि टनल निर्माण का काम कर रही नवयुग कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीराम ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में जिसकी मौत हुई वो मजदूर झारखंड का रहने वाला और उसकी उम्र 21 साल थी। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई शुरू की।
वहीं जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) का कहना है कि फिलहाल हादसे किस वजह से हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं है कि शॉटक्रीट का हिस्सा किन कारणों से गिरा। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) इस पूरे मामले की विस्तार से जांच करेगा। जांच के बाद एक तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक हादसे के सही वजह के बारे में कहना जल्दबाजी होगी।
पहले भी हो चुका है चर्चा में रही है सिल्क्यारा टनल
ये सिल्क्यारा सुरंग है पहले भी चर्चा में सामने आई थी। दरअसल, नवंबर 2023 में इस टनल का एक हिस्सा धंस जाने से 41 मजदूर अंदर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले बड़े बचाव अभियान के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। वहीं अब इस हालिया हादसे के बाद एक बार फिर निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक मजदूर के परिवार को सूचना दे दी गई है।
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel