उत्तराखंड में भारी बारिश, भूस्खलन के चलते रोकी गई चारधाम यात्रा, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। कई स्थानों पर भारी बारिश की वजह से भूस्खलन हो रहे हैं। IMD ने आज देहरादून समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बदरीनाथ हाईवे के पास पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा रोक दी है और इसके साथ कई जिलों में स्कूलों को भी बंद किया गया है। इसके अलावा भारी बारिश की वजह से ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी और ऊधम सिंह नगर में भी येलो अलर्ट जारी किया है। अभी की बात करें, तो रुद्रप्रयाग में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है और बादल छाए हुए हैं और कुछ हिस्सों में रुक-रूककर हल्की बूंदाबांदी हो रही है।
चारधाम यात्रा पर लगी रोक

उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पहाड़ों का मलबा आ गया, जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। इन घटनाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। फिलहाल केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग में ही सुरक्षित रोक लिया गया है और मौसम सुधरने व रास्ते साफ होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, गुप्तकाशी में केदारनाथ हाईवे पर अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया है।
पहाड़ का विशाल हिस्सा टूटकर सड़क पर आया
इस बीच उत्तरकाशी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो उत्तरकाशी के स्याना चट्टी क्षेत्र का बताया जा रहा है, यहां कुपड़ा गांव के पास पहाड़ी से भारी-भरकम मलबा और बड़े पत्थर गिरते हुए नीचे सड़क तक आ गए। राहत की बात ये रही कि इस दौरान वहां कोई राहगीर नहीं था, वरना बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।

Join Channel