क्या आरबीआई ने सच में बेच दिया 12 अरब डॉलर का सोना? सामने आई वायरल दावे की पूरी सच्चाई
Report on RBI Sold Gold : सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश का करीब 12 अरब डॉलर का सोना बेच दिया है। ब्लूमबर्ग की एक कथित रिपोर्ट का हवाला देकर दावा किया जा रहा है कि विदेशी मुद्रा भंडार (Forex) को संभालने के लिए केंद्रीय बैंक ने यह बड़ा कदम उठाया। इस पोस्ट के सामने आते ही बाजार और सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया, लेकिन अब इसकी पूरी सच्चाई सामने आ गई है।
सरकारी एजेंसी प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की पड़ताल की है। पीआईबी ने साफ कहा है कि आरबीआई द्वारा 12 अरब डॉलर का सोना बेचने का यह दावा पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत है। जांच के मुताबिक, रिजर्व बैंक का कोई भी आधिकारिक डेटा इस बात की तस्दीक नहीं करता।
PIB Fact Check : क्या कहते हैं RBI के असल आंकड़े?
हकीकत यह है कि रिजर्व बैंक ने सोना बेचा नहीं, बल्कि देश के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी लगातार बढ़ी है। केंद्रीय बैंक के ताजा आंकड़े खुद इस वायरल दावे की हवा निकाल रहे हैं:
- सितंबर 2025 के अंत में : कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी 13.92% थी।
- 31 मार्च 2026 तक : यह ग्राफ ऊपर गया और आंकड़ा 16.70% पर पहुंच गया।
- 22 मई 2026 तक : सोने की हिस्सेदारी और मजबूत होकर 16.85% हो गई।
सीधा गणित है कि अगर आरबीआई ने इतने बड़े पैमाने पर सोना निकाला होता, तो रिजर्व में सोने का प्रतिशत बढ़ने की बजाय सीधे नीचे गिरता।
A news report published by @Bloomberg states that RBI may have sold gold amounting to approximately USD 12 billion.#PIBFactCheck
❌ This claim is FAKE
✔️ According to @RBI, the share of gold in India's foreign exchange reserves rose from 13.92% at end-September 2025 to 16.70%… pic.twitter.com/eVjxPxEv1i
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) June 3, 2026
कहां चेक करें सही डेटा?

रिजर्व बैंक ( Reserve Bank of India ) हर महीने अपने बुलेटिन में देश के गोल्ड रिजर्व और उसके फिजिकल स्टॉक की पूरी रिपोर्ट जारी करता है। RBI के मुताबिक, मासिक बुलेटिन के आधिकारिक आंकड़ों में ऐसा कोई बदलाव या गिरावट दर्ज नहीं हुई है, जिससे वायरल हो रहे दावे में रत्ती भर भी दम नजर आए। यह पूरी अफवाह बेबुनियाद है।

Join Channel