वीरेंद्र सचदेवा का केजरीवाल पर तंज, कहा- उनके पास भ्रष्टाचारी विजन है
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोरों-शोरों से तैयारियां कर रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोरों-शोरों से तैयारियां कर रही है। साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस आरोप पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने भाजपा के पास चुनाव के लिए कोई विजन नहीं होने का आरोप लगाया था। सचदेवा ने कहा, केजरीवाल का भ्रष्टाचारी विजन है। अरविंद केजरीवाल के भाजपा के पास दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कोई विजन नहीं होने के आरोप पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, अरविंद केजरीवाल के पास इसका विजन है।
भाजपा ने केजरीवाल का किया घेराव
उन्होंने लोगों को अपना विजन दिखाया कि कैसे गली-गली और मोहल्ले-मोहल्ले में शराब की दुकानें खोली जाती हैं। दलाली और कमीशन से कैसे शीश महल जैसा आलीशान बंगला बनाया जाता है और उसमें अय्याशी का पैसा लगाया जाता है। सचदेवा ने कहा, उन्होंने अपना विजन दिखाया कि कैसे दिल्ली में राह चलते लोग सीवर के ओवरफ्लो और बारिश के पानी में डूबकर मर जाते हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचारी विजन है। उनके चेहरे पर भ्रष्टाचारी, कमीशन और दलाली के काले धब्बे हैं। उनकी पार्टी पर वसूलीबाजी का आरोप भी है। आम आदमी पार्टी अपना विजन देख ले, जिसने दिल्ली को बद से बदतर और बदनाम करने का काम किया है।
दोनों पार्टियों में वार-पलटवार जारी
‘आप’ नेता संजय सिंह के आरोप कि भाजपा उनकी पत्नी का वोट कटवा रही है, इस पर सचदेवा ने कहा, उन पर तुरंत एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। क्योंकि संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह का वोट कटवाने के लिए दो महिलाओं ने आवेदन किया है। इसमें एक का नाम है मधु और दूसरे का सुरेश देवी। अब संजय सिंह को चाहिए कि वह अपनी पत्नी से पूछें कि दोनों महिलाएं कौन हैं, इसका पता करें। उनका पारिवारिक विवाद है, इस बात को संजय सिंह भी जानते हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि वो खुद इसका षड्यंत्र किए हों।

Join Channel