For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

वायरस बदलते हैं मौसम के साथ: आईआईटी मद्रास का अध्ययन

वायरस का मौसम के साथ बदलने का रहस्य उजागर

04:18 AM Jun 03, 2025 IST | IANS

वायरस का मौसम के साथ बदलने का रहस्य उजागर

वायरस बदलते हैं मौसम के साथ  आईआईटी मद्रास का अध्ययन

आईआईटी मद्रास के अध्ययन से पता चला कि वायरस मौसम और पर्यावरण के बदलावों के साथ खुद को बदलते हैं। 20 साल के डेटा और 465 नमूनों के आधार पर किए गए इस अध्ययन में यह सामने आया कि वायरस प्राकृतिक चयन के माध्यम से अपने जीन को विकसित करते हैं, जिससे वे भविष्यवाणी योग्य बन जाते हैं।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के एक नए अध्ययन के अनुसार, वायरस मौसम, समय और अपने परिवेश में आने वाले बदलावों के हिसाब से एक निश्चित पैटर्न में अपने अंदर परिवर्तन लाते हैं। शोधकर्ताओं ने 20 साल से ज्यादा समय तक अमेरिका की झीलों से लिए गए 465 नमूनों का अध्ययन किया और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल कर 13 लाख वायरस जीनोम रीकंस्ट्रक्ट किए, और उनसे प्राप्त जानकारी के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला।

आईआईटी मद्रास, यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मेडिसन और टेक्सास यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने मिलकर एक अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन किया, जिसमें ताजे पानी की झीलों में वायरस पर फोकस किया गया। इस शोध में वैज्ञानिकों ने 20 साल से ज्यादा की अवधि में अमेरिका की विस्कॉन्सिन की झीलों से एकत्र 465 नमूनों का अध्ययन किया।

यह पृथ्वी पर प्राकृतिक परिवेश में मौजूद वायरस पर सबसे लंबा डीएनए-आधारित अध्ययन है। उन्होंने मेटाजेनोमिक्स नाम की तकनीक से झीलों के सैंपल में मौजूद सभी डीएनए का विश्लेषण किया और मशीन लर्निंग की मदद से 13 लाख वायरस जीनोम रिकंस्ट्रक्ट किए। इस अध्ययन से शोधकर्ताओं को यह जानने में मदद मिली कि वायरस मौसम के साथ, दशकों के लंबे अंतराल में और पर्यावरण में होने वाले बदलावों के अनुरूप खुद को कैसे बदलते हैं।

नेचर माइक्रोबायोलॉजी जर्नल में प्रकाशित शोधपत्र में शोधकर्ताओं ने बताया, “वायरस मौसम के साथ बदलते हैं। इनमें से कई साल दर साल फिर से सामने आते हैं। कई वायरस हर साल एक निश्चित समय पर फिर से दिखाई देते हैं, जिससे उनके बारे में भविष्यवाणी करना संभव है।” उन्होंने कहा, “वायरस अपने होस्ट से जीन ‘चुरा’ सकते हैं और उन्हें अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं। वायरस क्रमिक विकास की प्रक्रिया से गुजरते हैं और समय के साथ प्राकृतिक चयन की प्रक्रिया में कुछ जीन ज्यादा प्रभावी बनकर उभरते हैं।”

अध्ययन में पता चला कि वायरस सिर्फ बीमारी ही नहीं फैलाते, बल्कि प्रकृति के लिए भी फायदेमंद हैं। वे दूसरे जीवों के लिए भी मददगार होते हैं। शोधकर्ताओं ने 578 ऐसे वायरल जीन का पता लगाया जो फोटोसिंथेसिस (पौधों द्वारा भोजन बनाने की प्रक्रिया) और मीथेन के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण कामों में मदद करते हैं। ये वायरस प्राकृतिक प्रणालियों को स्वस्थ और स्थिर रखने में योगदान देते हैं।

आईआईटी मद्रास में विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. कार्तिक अनंतरामन ने बताया, “कोविड-19 महामारी ने हमें दिखाया कि वायरस को ट्रैक करना कितना जरूरी है। यह समझना महत्वपूर्ण है कि वायरस कैसे पैदा होते हैं, कैसे बदलते हैं और अपने पर्यावरण के साथ कैसे जुड़ते हैं। यह न सिर्फ महामारी से निपटने के लिए जरूरी है, बल्कि यह जानने के लिए भी कि वायरस प्रकृति में कितनी अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि, प्राकृतिक परिवेश में वायरस पर लंबे समय के अध्ययन बहुत कम हुए हैं।”

4000 पार पहुंचे कोरोना के मामले, बीते 24 घंटों में 5 मौतें, जानें अपने राज्य का हाल

इसके अलावा, ताजे पानी की झीलों में वायरस का अध्ययन करने से हम पानी के संसाधनों, प्राकृतिक पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं। यह शोध नए तरीके सुझाता है, जैसे प्रदूषित झीलों को ठीक करने के लिए वायरस का उपयोग करके पर्यावरण का संतुलन बहाल करना।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×