क्या TMC ने 440 करोड़ से खरीदे जेट-हेलिकॉप्टर? ED ने पार्टी के 3 बैंक अकाउंट पर कसा शिकंजा, जानें पूरा मामला
ED Freezes TMC Bank Accounts: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने पार्टी के तीन बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं, जिनमें करीब 440 करोड़ रुपये जमा होने का दावा किया गया है। ED के अनुसार, जांच के दौरान कुछ ऐसे फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन सामने आए हैं, जिन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यह मामला कोलकाता की Carewell Aviation India Pvt Ltd नाम की एविएशन कंपनी पर ED की छापेमारी के बाद सामने आया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, यह कंपनी सितंबर 2021 में बनाई गई थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व में TMC लगातार तीसरी बार सरकार में आई थी। ED का दावा है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच TMC के बैंक अकाउंट से करीब 160 करोड़ रुपये इस कंपनी को ट्रांसफर किए गए। जांच में यह भी पता चला कि कंपनी ने इस रकम में से करीब 82.96 करोड़ रुपये एक दूसरी नई कंपनी को भेज दिए।
जेट और हेलिकॉप्टर खरीदने का आरोप

ED के अनुसार, इन पैसे का इस्तेमाल कर Carewell Aviation ने करीब 112 करोड़ रुपये की लागत से एक Embraer Legacy 600 बिजनेस जेट और एक Agusta 109 SP VIP हेलिकॉप्टर खरीदा है। Embraer Legacy 600 एक लग्जरी बिजनेस जेट है, जिसमें VIP ट्रैवल की मॉडर्न सुविधाएं मौजूद हैं। वहीं Agusta 109 SP एक हाई-स्पीड ट्विन इंजन हेलिकॉप्टर है, जिसका इस्तेमाल अक्सर VVIP मूवमेंट के लिए किया जाता है। जांच में यह भी सामने आया कि हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए साल 2023 में केमैन आइलैंड्स की एक कंपनी से करीब 16 करोड़ रुपये का Unsecured Loan लिया गया था। ED अब इस विदेशी फंडिंग के सोर्स और उसके मकसद की भी जांच कर रही है।
ED की जांच का सबसे अहम मुद्दा यह है कि अगर विमान और हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए पैसा TMC की तरफ से दिया गया था, तो बाद में उन्हीं विमानों का इस्तेमाल करने के लिए पार्टी ने किराया क्यों चुकाया? सरल भाषा में समझें तो यह ऐसा है जैसे कोई व्यक्ति अपने ही पैसों से कार खरीदे और बाद में उसी कार में बैठने के लिए हर बार किराया देता रहे। ED को शक है कि इस तरीके से पार्टी का पैसा दूसरी जगह ट्रांसफर किया गया हो सकता है। हालांकि एजेंसी ने अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और जांच जारी है।
VVIP चार्टर सर्विस देती थी कंपनी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Carewell Aviation पश्चिम बंगाल के कई बड़े नेताओं को चार्टर विमान की सर्विस देती थी। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि TMC के सीनियर नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी इस कंपनी की सर्विस का लाभ उठाया था। इसी वजह से ED अब विमान खरीद से लेकर चार्टर पेमेंट तक पूरे फाइनेंशियल ट्रेल की जांच कर रही है।
यह पूरा मामला बिधाननगर पुलिस में दर्ज एक FIR के आधार पर शुरू हुआ। शिकायत TMC के बागी विधायक बिश्वनाथ दास ने दर्ज कराई थी। इसी FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया और वित्तीय जांच शुरू की।
TMC ने आरोपों को बताया राजनीतिक बदले की कार्रवाई

वहीं तृणमूल कांग्रेस ने ED की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताया है। पार्टी का कहना है कि उसके सभी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पूरी पारदर्शिता के साथ हुए हैं। TMC का दावा है कि चंदे और फंडिंग की पूरी जानकारी चुनाव आयोग और आयकर विभाग को समय-समय पर दी जाती रही है।
पार्टी ने यह भी कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी जानकारी पहले ही सुप्रीम कोर्ट को उपलब्ध कराई जा चुकी है। फिलहाल ED इस बात की जांच कर रही है कि पार्टी के फंड का इस्तेमाल किस तरह किया गया और क्या इन ट्रांजैक्शन के जरिए किसी तरह की मनी लॉन्ड्रिंग या फंड डायवर्जन हुआ। दूसरी ओर TMC सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बता रही है।
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel