W3Schools
Advertisement

TMC नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद समर्थकों का बवाल! थाने पर बोला धावा, लाठीचार्ज के बाद नदी में कूदकर भागी भीड़

07:50 PM Jun 16, 2026 IST | Amit Kumar
tmc नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद समर्थकों का बवाल   थाने पर बोला धावा  लाठीचार्ज के बाद नदी में कूदकर भागी भीड़
Jahangir Khan Arrest Case (credit S-M)

Jahangir Khan Arrest Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता इलाके (Falta Police Station Clash) में उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब गिरफ्तार किए गए चर्चित  TMC  नेता जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए उसके समर्थकों ने थाने पर धावा बोल दिया। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि व्यवस्था संभालने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कुछ लोगों ने बचने के लिए पास की नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब जहांगीर खान की पत्नी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक फलता थाने के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर लिया।

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोप है कि भीड़ का उद्देश्य जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाना था। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने थाने के मुख्य गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले स्थानीय पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लोग नहीं माने तो केंद्रीय बलों को आगे आना पड़ा।

Advertisement

Central Forces Lathi Charge West Bengal: केंद्रीय बलों का एक्शन, मची भगदड़

 (credit S-M)
(credit S-M)

जैसे ही केंद्रीय बलों ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज शुरू किया, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। कई प्रदर्शनकारी जान बचाने के लिए नजदीक बह रही नदी की ओर दौड़े और उसमें कूद गए।

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोगों को नदी तैरकर दूसरी तरफ जाते हुए भी देखा गया। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें भी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

Diamond Harbour Court Jahangir Khan Case: कोर्ट ने बढ़ाई पुलिस हिरासत

(credit S-M)
(credit S-M)

इस बीच, जहांगीर खान की पहली पांच दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद उसे डायमंड हार्बर की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच अभी बाकी है और इसके लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है। पुलिस की दलील सुनने के बाद अदालत ने जांच एजेंसी को राहत देते हुए जहांगीर खान की पुलिस हिरासत छह दिन और बढ़ा दी। अब पुलिस उससे जुड़े मामलों में आगे पूछताछ करेगी।

कभी इलाके में था दबदबा, अब माफी मांगता दिखे

फलता क्षेत्र में जहांगीर खान का नाम लंबे समय तक काफी प्रभावशाली माना जाता रहा है। स्थानीय लोग बताते हैं कि उसके नाम से लोग डरते थे। लेकिन गिरफ्तारी के बाद तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है।

हाल के दिनों में जहांगीर खान को पुलिस सुरक्षा के बीच सिर झुकाकर चलते देखा गया। कुछ जगहों पर वह लोगों से माफी मांगते भी नजर आए। इस वजह से उनकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

नेपाल सीमा के पास हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, कानूनी राहत समाप्त होने के बाद जहांगीर खान काफी समय तक फरार रहे थे।  पुलिस और जांच एजेंसियां उनकी तलाश कर रही थीं। आखिरकार राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उन्हें  उत्तर बंगाल के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे जहांगीर खान

जहांगीर खान पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि उसने अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा किया, लोगों से जबरन पैसे वसूले और इलाके में डर का माहौल बनाया। इन आरोपों की जांच फिलहाल जारी है।

पुलिस हिरासत बढ़ाए जाने के बाद फलता थाने और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए केंद्रीय बलों और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें: संसद में अलग बैठेंगे TMC के बागी? 20 सांसदों के पाला बदलने के बाद लोकसभा सचिवालय में तेज कागजी कार्रवाई

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×