W3Schools
Advertisement

TMC में अभिषेक बनर्जी का दबदबा बरकरार! बागियों के विरोध के बावजूद पूर्व CM ममता ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

07:53 PM Jun 05, 2026 IST | Amit Kumar
tmc में अभिषेक बनर्जी का दबदबा बरकरार   बागियों के विरोध के बावजूद पूर्व cm ममता ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
Mamata Banerjee Party Meeting ( Credit S-M )

Mamata Banerjee Party Meeting: पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उठापटक के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने एक बार फिर अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। पार्टी के कुछ नेताओं और बागी विधायकों की नाराजगी के बावजूद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee News)  को दोबारा टीएमसी का राष्ट्रीय महासचिव (TMC National General Secretary) बनाया गया है। वहीं, ममता बनर्जी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी रहेंगी। शुक्रवार शाम को ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चुनिंदा नेताओं को ही बुलाया गया था।

Advertisement

हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी को झटका लगने के बाद संगठन को मजबूत करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही थी। बैठक में अभिषेक बनर्जी, डोला सेन, चंद्रिमा भट्टाचार्य, बीना मंडल और राजीव बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर काफी चर्चा थी क्योंकि पार्टी के कुछ नेताओं ने हाल के दिनों में अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

Advertisement

Mamata Banerjee Party Meeting: पार्टी संगठन का हुआ पुनर्गठन

Mamata Banerjee Party Meeting ( Credit S-M )
Mamata Banerjee Party Meeting ( Credit S-M )

कुछ दिन पहले टीएमसी ने अपनी सभी समितियों और सहयोगी संगठनों को भंग कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार की बैठक में संगठन का नया ढांचा तैयार किया गया। नई जिम्मेदारियों के तहत अभिषेक बनर्जी को फिर से राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा डेरेक ओ'ब्रायन और डोला सेन को संयुक्त सचिव बनाया गया है। दोनों नेता संगठनात्मक कार्यों में अभिषेक बनर्जी का सहयोग करेंगे।

Advertisement

विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में रहीं सयानी घोष को एक बार फिर टीएमसी युवा इकाई की अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं माला रॉय को महिला टीएमसी का अध्यक्ष बनाया गया है। चंद्रिमा भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल टीएमसी की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति पर विवाद

Mamata Banerjee Party Meeting ( Credit S-M )
Mamata Banerjee Party Meeting ( Credit S-M )

बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति का मुद्दा भी उठा। टीएमसी ने बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि विधानसभा स्पीकर का यह फैसला नियमों के अनुरूप नहीं है और टीएमसी इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी इस फैसले को चुनौती देने के लिए सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख करेगी।

बागी विधायकों को दी चुनौती

कल्याण बनर्जी ने बागी विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जाकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ही टीएमसी की सबसे बड़ी नेता हैं और जो विधायक उनके नेतृत्व को चुनौती दे रहे हैं, उन्हें पहले अपने क्षेत्र के लोगों की राय लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा टीएमसी कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष जारी रखेगी।

INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे शीर्ष नेता

टीएमसी ने यह भी साफ किया है कि आगामी INDIA गठबंधन की बैठक में ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे साफ संकेत मिलता है कि पार्टी संगठन में अभिषेक बनर्जी की भूमिका पहले की तरह मजबूत बनी हुई है।

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×