क्या है सालबोनी भूमि घोटाला? जिस मामले में अभिषेक बनर्जी के PA सुमित रॉय को उठा ले गई CID
ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के PA सुमित रॉय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कालीघाट से कथित करोड़ों रुपये के भूमि घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मौका दिए जाने के बावजूद रॉय ने जांच में पर्याप्त सहयोग नहीं किया।
अभिषेक बनर्जी के घर से गिरफ्तार हुए PA
अधिकारियों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद CID की टीम दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। वहां सुमित रॉय मौजूद थे। बताया जा रहा है कि घर के निजी सुरक्षाकर्मियों ने CID की टीम को अंदर जाने से रोकने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर बहस हुई। इसके बाद पुलिस के साथ पहुंची CID टीम घर के अंदर गई और सुमित रॉय को हिरासत में ले लिया।
पश्चिम मिदनापुर की अदालत में पेश किया जा सकता है
सुमित रॉय को पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार देर शाम या शुक्रवार को पश्चिम मिदनापुर की अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां सीआईडी उनकी पुलिस हिरासत की मांग करेगी।
हाई कोर्ट ने ख़ारिज की थी अग्रिम जमानत याचिका
सालबोनी भूमि घोटाला मामले में सुमित रॉय को मुख्य आरोपी बताया गया है। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने 3 अगस्त 2026 को खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि वहां से भी राहत नहीं मिली है।
क्या है सालबोनी भूमि घोटाला?
पश्चिम बंगाल का सालबोनी भूमि घोटाला सरकारी जमीन से जुड़ा मामला है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन को निजी संपत्ति बताकर बेच दिया गया। जांच में सुमित रॉय के बैंक खाते में बड़ी रकम जमा होने की बात सामने आई है। पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार, इस मामले में करीब 15 करोड़ रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है, जिसमें नकद जमा भी शामिल है। सुमित रॉय पर धोखाधड़ी, सरकारी दस्तावेज में हेरफेर (जालसाजी), और आपराधिक साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
Also Read: बिहार के वैशाली में निर्माणाधीन पुल का भारी स्ट्रक्चर गिरा, 7 मजदूर घायल, 4 की हालत गंभीर

Join Channel