भारत–किर्गिस्तान आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने पर चर्चा, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर
बिश्केक (किर्गिस्तान), 3 जून (आईएएनएस)। भारत-किर्गिस्तान के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से राजधानी बिश्केक में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत की ओर से वरिष्ठ प्रतिनिधियों और किर्गिस्तान सरकार के अर्थव्यवस्था एवं वाणिज्य मंत्री बैकिट सिडिकोव के बीच व्यापार, उद्योग और निवेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। बताया कि यह बातचीत "रचनात्मक और सकारात्मक माहौल में हुई, जिसमें भविष्य में सहयोग के कई नए क्षेत्रों पर विचार किया गया।"
भारत के किर्गिस्तान में राजदूत एच.ई. बिरेंद्र सिंह यादव भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने द्विपक्षीय संबंधों को कूटनीतिक स्तर पर और मजबूती प्रदान की।
कुमारस्वामी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार अपने साझेदार देशों के साथ संबंधों को मजबूत कर रहा है और वैश्विक मंच पर आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खोल रहा है। भारत–किर्गिस्तान साझेदारी न केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और विकास के लिए भी लाभकारी साबित होगी।"
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत–किर्गिस्तान आर्थिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई। चर्चा का मुख्य फोकस व्यापार विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग, औद्योगिक विकास और निवेश के नए अवसरों की पहचान पर रहा। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि आपसी सहयोग बढ़ाने से आर्थिक विकास को गति मिलेगी और दोनों देशों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
मध्य एशिया में भारत की बढ़ती आर्थिक सक्रियता से व्यापारिक अवसरों का विस्तार होगा और ऊर्जा, उद्योग तथा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलेगी। दोनों देशों ने भविष्य में नियमित संवाद और उच्च स्तरीय बैठकों के माध्यम से आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई है।
--आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Join Channel