पति माइकल संग जैसलमेर पहुंचीं डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप, जानिए किन पर्यटन स्थलों में घूमेंगी
Donald Trump Daughter Visits Jaisalmer :राजस्थान के जैसलमेर शहर ने रविवार को एक खास अंतरराष्ट्रीय मेहमान का स्वागत किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ( Tiffany Trump) अपने पति माइकल बोलस (Michael Boulos) के साथ स्वर्णनगरी जैसलमेर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद टिफनी ट्रंप और माइकल बोलस का जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप किए गए स्वागत ने दोनों मेहमानों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
एयरपोर्ट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

उनके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों मेहमान सुरक्षा कर्मियों के कड़े घेरे में वाहनों के काफिले के साथ अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, टिफनी ट्रंप और माइकल बोलस जैसलमेर के सम रोड स्थित प्रसिद्ध सूर्यगढ़ जैसलमेर होटल में ठहरेंगे। यह लग्जरी होटल अपनी शाही मेहमाननवाजी और रेगिस्तानी पर्यटन अनुभव के लिए देश-विदेश में खास पहचान रखता है। उनके प्रवास को ध्यान में रखते हुए होटल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रशासन लगातार पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए है।
सोनार किला और अन्य पर्यटन स्थलों का करेंगे भ्रमण

टिफनी ट्रंप (Donald Trump daughter) के जैसलमेर प्रवास के दौरान शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों के दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। वे विश्व प्रसिद्ध जैसलमेर किले (सोनार किला) का भ्रमण कर सकती हैं। इसके अलावा शहर की ऐतिहासिक हवेलियों, सांस्कृतिक धरोहरों और थार मरुस्थल से जुड़े प्रमुख पर्यटन स्थलों को देखने की भी संभावना जताई जा रही है।
जैसलमेर अपनी ऐतिहासिक विरासत, पीले-सुनहरे पत्थरों से बनी अद्भुत वास्तुकला और रेगिस्तानी सौंदर्य के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। ऐसे में टिफनी ट्रंप का यह निजी दौरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन सकता है।
पर्यटन उद्योग को मिल सकता है फायदा

वैसे तो जैसलमेर अपने आप में विश्व पर्यटन (Jaisalmer visit) में अग्रणी भूमिका निभाता है और यहां की सांस्कृतिक और पयटन धरोहर लोगों को आकर्षित करती रहती है मगर जानकारों का मानना है कि वैश्विक स्तर की हस्तियों के जैसलमेर आने से राजस्थान के पर्यटन को सकारात्मक पहचान मिलती है। जाहिर सी बात है टिफनी ट्रम्प के जैसलमेर भ्रमण से पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिल सकता है.
विदेशी पर्यटकों के बीच जैसलमेर पहले से ही लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है और इस तरह के हाई-प्रोफाइल दौरे प्रदेश के पर्यटन उद्योग को और अधिक बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकते हैं।

Join Channel