W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

कुवैत एयरपोर्ट अटैक की भारत ने की निंदा, पीड़ित जनों के प्रति जताई संवेदना

06:43 PM Jun 03, 2026 IST | News Desk
कुवैत एयरपोर्ट अटैक की भारत ने की निंदा  पीड़ित जनों के प्रति जताई संवेदना
Advertisement

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। भारत सरकार ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Advertisement

आधिकारिक बयान में भारत ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही वह लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को किसी भी परिस्थिति में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमलों को तुरंत रोकने और संयम बरतने की अपील की है।

Advertisement

विदेश मंत्रालय ने मृतक भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत उनके साथ खड़ा है। साथ ही घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कुवैत स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

बयान के अनुसार, भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और घायल भारतीयों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। दूतावास द्वारा चिकित्सा सहायता, आवश्यक दस्तावेजी सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भारत सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थित सभी भारतीय मिशनों और दूतावासों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय समुदाय की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए मिशन लगातार सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान कर रहे हैं।

बुधवार तड़के कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। कुवैत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया। दावा किया कि बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के माध्यम से "क्रूर हमले” जारी रखे गए।

इससे पहले कुवैती रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल-1 (टी1) को कई ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया, जिससे टर्मिनल भवन को भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हो गए।

--आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Advertisement
Author Image

Advertisement
Advertisement
×