प्यार की तलाश? फिनलैंड दे रहा 16 सिंगल्स को फ्री ट्रिप का मौका, मिलेगा डिनर डेट का एक्सपीरिएंस
Finland offers singles : दुनिया का सबसे खुशहाल देश फिनलैंड ग्लोबल लेवल पर एक अनोखा कैंपेन लेकर आया है। 'फिनिश डिनर डेट' नाम की इस पहल के तहत दुनिया भर के 16 सिंगल्स को ऑल-एक्सपेंस-पेड ट्रिप पर फिनलैंड बुलाया जा रहा है।
यह ट्रिप 9 से 19 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगी, जिसमें चुने गए 8-8 उम्मीदवारों के दो ग्रुप हेलसिंकी और टेम्परे शहरों में जा सकेंगे। इस फ्री ट्रिप का पूरा खर्च वहां की टूरिज्म एजेंसी 'विजिट फिनलैंड' उठाएगी, जिसमें फ्लाइट, रुकना, खाना और कल्चरल एक्सपीरिएंस शामिल हैं।
सुपरमार्केट ट्रेंड से मिला आइडिया
इस पूरी पहल का उद्देश्य इंटरनेशनल टूरिस्टों को फिनलैंड के खान-पान और वहां की अनूठी संस्कृति से रूबरू कराना है। इस यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को वहां के शीर्ष शेफ्स द्वारा तैयार स्पेशल मेनू के साथ स्थानीय सिंगल्स से मिलने और ग्रुप डिनर का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।
आयोजकों के मुताबिक यह विचार फिनलैंड के एक मशहूर ट्रेंड 'सिंककुकोरी' यानी "सिंगल बास्केट" से प्रेरित है। इस ट्रेंड में सुपरमार्केट में खरीदारी करने वाले लोग गुलाबी रंग की बास्केट का इस्तेमाल यह बताने के लिए करते हैं कि वे सिंगल हैं और नए लोगों से मिलने के लिए तैयार हैं।
आयोजकों ने साफ किया है कि हालांकि यह कैम्पेन डेटिंग और रोमांस पर केंद्रित है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है कि हर किसी को अपना साथी मिल ही जाएगा। हालांकि, मेहमान यहां के बेहतरीन पकवानों, ट्रेडिशनल सौना और प्राकृतिक खूबसूरती का लुत्फ जरूर उठा सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन और क्या है प्रक्रिया?
फिनलैंड के नागरिकों और वहां के स्थायी निवासियों को छोड़कर, दुनिया भर के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के कोई भी सिंगल व्यक्ति इसमें भाग ले सकते हैं।
वीडियो चैलेंज: आवेदकों को अंग्रेजी भाषा में एक छोटा वीडियो बनाकर यह बताना होगा कि वे डिनर डेट पर क्या परोसना चाहेंगे और क्यों।
सोशल मीडिया टैगिंग: इस वीडियो को TikTok, Instagram या YouTube पर #FinnishDinnerDate हैशटैग के साथ पोस्ट करके विजिट फिनलैंड को टैग करना जरूरी है।
अंतिम तिथि: आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरकर वीडियो का लिंक सबमिट करना होगा। आवेदन की आखिरी तारीख 10 नवंबर 2026 है, जबकि चुने गए 16 भाग्यशाली विजेताओं के नामों की घोषणा 1 दिसंबर को सोशल मीडिया के जरिए की जाएगी।
यह भी पढ़ें - चीन चंद्र मिशन के लिए अपनाएगा ‘दो प्रक्षेपण, चंद्र डॉकिंग’ योजना

Join Channel