जेलेंस्की ने सेना के शीर्ष कमांडरों के साथ की बैठक, जंग की स्थिति और रक्षा जरूरतों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। रूस के साथ जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बैठक में युद्ध की मौजूदा स्थिति, सैनिकों की जरूरतों, हथियारों और ड्रोन की आपूर्ति समेत यूक्रेन की रक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "रविवार को मैंने यूक्रेन की सेना के तीन अन्य अनुभवी अधिकारियों, यूक्रेन के सशस्त्र बलों के संयुक्त बलों के कमांडर मिखाइलो ड्रापाटी, सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख वोलोदिमिर होरबाटियुक और यूक्रेन के एयरबोर्न असॉल्ट फोर्सेज के कमांडर ओलेह अपोस्टोल से बात की।"
जेलेंस्की ने बताया कि सबसे पहले, मेजर जनरल ड्रापाटी ने सूमी, खार्किव, लुहांस्क और दोनेत्स्क क्षेत्रों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। मैं उन सभी यूनिटों का आभारी हूं जो दुश्मन को प्रभावी तरीके से रोक रही हैं और रूसी सेना को उसके तय किए गए लक्ष्यों को हासिल करने से रोक रही हैं।
उन्होंने बताया कि हमने अपने साझेदार देशों के साथ किए गए समझौतों को लागू करने और यूक्रेन की रक्षा के लिए जरूरी सामान की लगातार आपूर्ति पर चर्चा की। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हवाई रक्षा को मजबूत करना और हर तरह के ड्रोन बनाने के लिए किए गए समझौतों को पूरी तरह लागू करना हैं।
जेलेंस्की ने बताया कि हमने ओलेक्सांद्रिवका क्षेत्र और वहां एयरबोर्न असॉल्ट फोर्सेज के सक्रिय अभियानों पर भी चर्चा की। मैंने स्थिति के निष्पक्ष आकलन, इन क्षेत्रों में तैनात कोर और ब्रिगेड की मुख्य जरूरतों की विस्तृत समीक्षा, और समस्याओं को हल करने व आपूर्ति की कमियों को दूर करने के सुझावों की सराहना की।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन की आजादी, हमारी जमीन और हमारे लोगों की रक्षा के लिए हमें एक भी दिन बर्बाद नहीं करना चाहिए।
रूस ने रविवार को यूक्रेन के बैलिस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमला किया। रविवार को करीब पांच घंटे तक चले इस भीषण हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने कीव पर लगभग 40 इस्कंदर-एम और हाइपरसोनिक जिरकॉन मिसाइलें दागीं। रात करीब 1:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) हवाई हमले का सायरन बजा, जिसके तुरंत बाद वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। कुछ ही मिनटों में लगातार धमाकों और विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने लगीं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे अब तक के बड़े हमलों में से एक करार दिया है। हमले के कारण शहर के कई हिस्सों में आग लग गई और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन रूस के हमलों का पूरी तरह उचित और सटीक जवाब दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेनी बलों ने रूस के कई रणनीतिक ठिकानों और ईंधन केंद्रों को निशाना बनाया है।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Join Channel