WWE Raw Highlights: WWE Raw में इस हफ्ते खूब हुआ धमाल, रोमन रेंस की एंट्री से लेकर मेन इवेंट तक दिखे बड़े ट्विस्ट
इस हफ्ते का WWE Raw एपिसोड एक्शन और बड़े सरप्राइज से भरपूर रहा। यह Money in the Bank Premium Live Event से पहले रेड ब्रांड का आखिरी शो था, इसलिए WWE ने फैंस को कई बड़े सेगमेंट और मुकाबले देखने को दिए। रोमन रेंस की एंट्री से लेकर सोलो सिकोआ की वापसी और वुमेंस डिवीजन के धमाकेदार एक्शन तक, शो में कई अहम घटनाएं हुईं।
एलए नाइट और रोमन रेंस आमने-सामने

शो की शुरुआत एलए नाइट ने की। उन्होंने रिंग में पहुंचकर रोमन रेंस के खिलाफ कई तरह की तीखी बातें कहीं। फिर कुछ ही देर बाद रोमन रेंस भी रिंग में आ गए और उन्होंने नाइट को अपने अंदाज में अलग से जवाब दिया। दोनों के बीच काफी देर तक टकराव जैसी सिचुएशन बनी रही। हालांकि दोनों के बीच फिजिकल फाइट देखने को नहीं मिली। दरअसल, Money in the Bank में एलए नाइट और रोमन रेंस के बीच चैंपियनशिप मुकाबला होना है, इसलिए इस सेगमेंट ने आने वाले मैच के लिए माहौल तैयार कर दिया।
पेंटा और जे'वॉन इवांस की जीत

टैग टीम मुकाबले में पेंटा और जे'वॉन इवांस का सामना ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी से हुआ। मुकाबले के दौरान मैक्सिकन डुप्री और लोगन पॉल ने दखल देकर सिचुएशन को और दिलचस्प बना दिया। हालांकि आखिर में पेंटा और इवांस जीत हासिल करने में सक्सेसफुल रहे। मैच खत्म होने के बाद ब्रॉन्सन रीड और ब्रॉन ब्रेकर ने दोनों पर हमला कर दिया। तभी ओबा फेमी की एंट्री हुई और उन्होंने रीड और ब्रेकर पर जोरदार हमला करते हुए दोनों को रिंग से बाहर कर दिया।
वुमेंस टैग टीम मुकाबले में जजमेंट डे की जीत

राकेल रॉड्रिगेज और रॉक्सन पेरेज की टीम का सामना लोला वाइस और सोल रुका से हुआ। चारों महिला रेसलर्स ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। लोला वाइस और सोल रुका के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिला, लेकिन मैच के डिसाइसिव मोड़ पर वाइस से गलती से रुका पर ही हमला हो गया। इसका फायदा जजमेंट डे ने उठाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रे फीनिक्स ने बरकरार रखा खिताब

AAA क्रूजरवेट चैंपियनशिप के मुकाबले में रे फीनिक्स का सामना ईथन पेज से हुआ। दोनों के बीच जबरदस्त एक्शन देखने को मिला। फीनिक्स ने अपने शानदार हाई-फ्लाइंग मूव्स से दर्शकों को एंटरटेन किया, जबकि ईथन पेज ने भी उन्हें कड़ा चैलेंज दिया। लंबे समय से चली आ रही इस राइवलरी में इस बार रे फीनिक्स ने बाजी मारी और अपना खिताब सक्सेसफुली डिफेंड कर लिया।
रे मिस्टीरियो और ड्रैगन ली को मिली हार

एक दूसरे टैग टीम मुकाबले में रे मिस्टीरियो और ड्रैगन ली की भिड़ंत डॉमिनिक मिस्टीरियो और जेडी मैकडॉना से हुई। मैच के दौरान डॉमिनिक और मैकडॉना ने कई मौकों पर नियमों को तोड़ने की कोशिश की। रे और ड्रैगन ली के बीच शानदार तालमेल के बावजूद आखिर में डॉमिनिक और मैकडॉना जीत दर्ज करने में सक्सेसफुल रहे। मुकाबले के बाद बिग कैस ने रे और ड्रैगन ली पर हमला कर दिया।
मेन इवेंट में बड़ा ट्विस्ट

शो का सबसे बड़ा आकर्षण बैकी लिंच और लिव मॉर्गन के बीच होने वाला नंबर-1 कंटेंडर मुकाबला था। इस मैच का विजेता वुमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चुनौती पेश करने वाला था। मुकाबले में रॉक्सन पेरेज और राकेल रॉड्रिगेज ने कई बार दखल देने की कोशिश की। इसी दौरान स्टेफनी वाकर भी रिंग में पहुंचीं। रेफरी ने पेरेज और राकेल को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद हालात तब बिगड़ गए जब बैकी और लिव से गलती से स्टेफनी वाकर पर हमला हो गया। गुस्से में वाकर ने दोनों पर हमला कर दिया, जिसके बाद मुकाबला रद्द करना पड़ा।
बाद में स्टेफनी वाकर ने एडम पीयर्स से साफ कहा कि वह अब बैकी लिंच और लिव मॉर्गन दोनों का सामना करना चाहती हैं। इसी वजह से Money in the Bank में वुमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए मुकाबला अब ट्रिपल-थ्रेट मैच के रूप में देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर, इस हफ्ते का Raw कई बड़े मुकाबलों, वापसी और आने वाले Premium Live Event के लिए तैयार किए गए रोमांचक एंगल्स की वजह से काफी जरूरी रहा।

Join Channel