For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

योगी सरकार का एक्शन, सरकारी जमीन पर बने अवैध मजार को किया ध्वस्त

02:01 AM Jul 30, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat
योगी सरकार का एक्शन  सरकारी जमीन पर बने अवैध मजार को किया ध्वस्त

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में सीमावर्ती जनपदों में अवैध मजार के निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए श्रावस्ती प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भिनगा-सिरसिया मार्ग पर नगर पालिका परिषद की आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से बने मजार को गिराकर शासकीय संपत्ति को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर पालिका और राजस्व विभाग के संयुक्त अभियान के तहत की गई। यह भूमि खंड गाटा संख्या-121, रकबा 0.1420 हेक्टेयर नगर पालिका भिनगा के अंतर्गत आता है और इसे इमारती लकड़ी भंडारण के लिए आरक्षित किया गया था।

अवैध मजार पर चला बुलडोजर

प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण कर लिया गया है। प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस बल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पहले सीमांकन कर कब्जे की विधिवत पहचान की और संबंधित पक्षों को अग्रिम सूचना दी गई। निर्धारित समय के पश्चात मंगलवार को पूरे प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध मजार के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

अवैध मजार सहित सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को पूर्ण रूप से कब्जा मुक्त घोषित किया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल भी तैनात रहे ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका की आरक्षित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत हटाया गया है। यह कार्यवाही कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक हित की रक्षा के लिए आवश्यक थी। भविष्य में किसी को भी सरकारी भूमि पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Rahul Kumar Rawat

View all posts

Advertisement
×