उदयपुर में एक घर से 6 शव मिलने से हड़कंप, फांसी पर लटके 3 बच्चों के शव
राजस्थान के उदयपुर से बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई है। जिले में एक घर से परिवार के 6 लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं। मरने वालों में एक दंपत्ति और उनके चार बच्चे शामिल हैं।
03:18 PM Nov 21, 2022 IST | Desk Team
राजस्थान के उदयपुर से बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई है। जिले में एक घर से परिवार के 6 लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं। मरने वालों में दंपत्ति और उनके चार बच्चे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, छोटे बच्चे साथ दंपत्ति के शव जमीन पर और 3 बच्चे फांसी पर लटके हुए मिले। संभावना है कि दंपत्ति के बच्चों की हत्या के बाद फांसी लगाई हो।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला गोगुंदा थाना क्षेत्र के झाड़ोली के गोल नेड़ी गांव का है। घर में शव मिलने की जानकारी कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को दी जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

पुलिस के अनुसार झाडोली गांव की गोल नेडी ढ़णी निवासी प्रकाश गमेती, उसकी पत्नी दुर्गा एवं उनके बच्चे गणेश (5) पुष्कर (4) रोशन (3) और चार महीने के गंगाराम के शव मकान के अंदर मिले है। घटना की सूचना पर थानाधिकारी गोपाल व्यास, तहसीलदार रविंद्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पड़ोसियों ने सुबह प्रकाश के घर के आंगन में कोई हलचल नहीं देख घर के अंदर जाकर देखा तो सभी के होश उड़ गए। दरवाजा खुलते ही चारों तरफ लाशें बिछी हुई थी। प्रकाश और उनकी पत्नी के साथ छोटे बच्चे का शव जमीन पर थे, जबकि तीन बच्चे फांसी पर लटके हुए मिले।
इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि प्रकाश खाना बनाने का काम करता था लेकिन पिछले चार-पांच महीने से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस मामले में जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।
Advertisement
Advertisement

Join Channel