बाच ने टोक्यो खेलों पर जापानी अधिकारियों से की बात, कहा - खेलों से पहले कोरोना के टीके की हो उपलब्धता
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाच ने टोक्यो ओलंपिक के संबंध में जापानी सरकार के साथ बात की और कहा कि एक साल के लिये स्थगित किये गये खेलों से पहले कोविड-19 के बड़ी संख्या में टीके उपलब्ध हो सकते हैं।
12:06 PM Sep 25, 2020 IST | Ujjwal Jain
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाच ने टोक्यो ओलंपिक के संबंध में जापानी सरकार के अधिकारियों और स्थानीय आयोजकों के साथ बात की और कहा कि एक साल के लिये स्थगित किये गये खेलों से पहले कोविड-19 के बड़ी संख्या में टीके उपलब्ध हो सकते हैं।
बाच स्विजरलैंड से जापान में अधिकारियों से बात कर रहे थे। यह टोक्यो खेलों के आयोजन को लेकर दो दिवसीय बैठक का शुरुआती दिन था। आईओसी अध्यक्ष ने कहा कि टूर डि फ्रांस जैसी बड़ी खेल प्रतियोगिताएं सीमित दर्शकों और टीके के बिना आयोजित की गयी जबकि टोक्यो खेलों से पहले टीके तैयार हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, टीके को लेकर हमारे पास बहुत उत्साहजनक खबर है। बाच ने कहा कि आईओसी विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), अन्य विशेषज्ञों और कुछ फार्मास्यूटिकल कंपनियों के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि उन सभी की सर्वसम्मत राय है कि अगले साल के शुरू तक टीका उपलब्ध हो जाएगा।
Advertisement
Advertisement