अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर बाइडन आज लेंगे शपथ, बयान देते समय हुए भावुक
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन आज देश के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। बतौर राष्ट्रपति बाइडन के सामने कई चुनौतियां होंगी।
09:57 AM Jan 20, 2021 IST | Desk Team
करीब 4 साल अपने गृहनगर डेलावेयर में बिताने के बाद अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले ही एकता के संदेश के साथ वॉशिंगटन डीसी पहुंचे। वह बुधवार को यानी आज देश के (अमेरिका) 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। बतौर राष्ट्रपति बाइडन के सामने कई चुनौतियां होंगी।
Advertisement
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने डेलावेयर से वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना होने से पहले कहा था, ‘‘आपका अगला राष्ट्रपति और कमांडर इन चीफ होने पर मुझे गर्व है। मैं हमेशा डेलावेयर का गौरवान्वित पुत्र रहूंगा।’’ बाइडन 1973 में डेलावेयर से सबसे युवा सीनेटर के तौर पर निर्वाचित हुए थे। वह सार्वजनिक जीवन में करीब पांच दशक बिता चुके हैं।
बाइडन (78) ने कहा, ‘‘मेरा परिवार और मैं वॉशिंगटन के लिए रवाना हो रहे हैं। हम लोग उस सौम्य महिला से भी मिलेंगे जो देश की उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगी।’’ कमला हैरिस (56) देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति होंगी। वह पहली भारतवंशी हैं, जो अमेरिका के दूसरे सबसे ताकतवर पद पर होंगी। अपने संक्षिप्त भाषण में बाइडन थोड़े भावुक भी हुए। उन्होंने कहा, ‘‘यह भावुक क्षण है। वॉशिंगटन की यात्रा यहां से शुरू होती है।’’
बाइडन ने कहा कि 12 साल पहले बराक ओबामा (अश्वेत) ने उपराष्ट्रपति के तौर पर मेरा अभिवादन किया था और अब मैं बतौर राष्ट्रपति दक्षिण एशिया मूल की अश्वेत महिला (कमला हैरिस) का उपराष्ट्रपति के तौर पर अभिवादन करूंगा।’’ बाइडन के साथ उनकी पत्नी जिल बाइडन और परिवार के अन्य सदस्य भी थे।
Advertisement