Maharashtra political crisis : राष्ट्रपति चुनाव में संख्याबल जुटाने के मकसद से महाराष्ट्र सरकार को अस्थिर कर रही BJP - कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी एवं केंद्र सरकार राष्ट्रपति चुनाव में संख्या बल जुटाने के मकसद से महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी सरकार को अस्थिर करने का ‘खेल’ कर रही हैं।
02:05 AM Jun 24, 2022 IST | Shera Rajput
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी एवं केंद्र सरकार राष्ट्रपति चुनाव में संख्या बल जुटाने के मकसद से महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी सरकार को अस्थिर करने का ‘खेल’ कर रही हैं।
Advertisement
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि शिवसेना नेता संजय राउत ने महा विकास आघाड़ी सरकार से उनकी पार्टी के बाहर निकलने की संभावना संबंधी बयान इसलिए दिया होगा ताकि उनके विधायक वापस लौटकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के समक्ष अपनी बात रख सकें।
खड़गे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा महाराष्ट्र की सरकार गिराने के लिए बहुत कोशिश कर रही है। शिवसेना के विधायकों को पहले सूरत और फिर गुवाहाटी ले जाया गया। यह भाजपा का खेल है। महा विकास आघाड़ी सरकार एक मजबूत सरकार है, लेकिन भाजपा उसे अस्थिर करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा चाहती है कि गैर भाजपा कोई भी सरकार अस्तित्व में नहीं रहे। राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें संख्या बल की जरूरत है। इस कारण वे इस चुनाव के समय भी सरकार गिराना चाहते हैं। इस स्थिति के लिए केंद्र और भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार हैं।’’
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘हम कांग्रेस पार्टी की ओर से कहना चाहते हैं कि हम तीनों मिलकर रहेंगे और महा विकास आघाड़ी को मजबूत करेंगे। इसलिए जो जरूरत होगी, हम वो करेंगे।’’
संजय राउत के बयान पर खड़गे ने कहा, ‘‘हो सकता है कि उन्होंने अपनी बात पहुंचाने के लिए ऐसा किया हो। महा विकास आघाड़ी सरकार महाराष्ट्र के विकास के लिए बनी है। यह सरकार विकास कर रही है। अगर वो लोग (शिवसेना के बागी विधायक) वापस आएंगे तो मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।’’
गौरतलब है कि शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के विद्रोह के बीच, पार्टी सांसद संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर असम में डेरा डाले हुए बागी विधायकों का समूह 24 घंटे में मुंबई लौटता है और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ मामले पर चर्चा करता है तो शिवसेना महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार छोड़ने के लिए तैयार है।
इससे पहले, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा विश्वास मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर है। हम अपने महाराष्ट्र के साथियों के साथ संपर्क में हैं। हमें भरोसा है कि स्थिर सरकार को गिराने और राज्य को अस्थिरता में ले जाने की भाजपा की मंशा सफल नहीं होगी।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘ऐसे समय जब (असम में) बाढ़ आई हुई है, किसान और नौजवान परेशान हैं, कई जगहों पर भ्रष्टाचार है, तब भाजपा इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।’’
इस बीच, कांग्रेस ने उन खबरों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा मुंबई पहुंची हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘पूरे दिन ऐसी खबरें चलीं की प्रियंका गांधी वाद्रा मुंबई पहुंच गयी हैं। वह अपनी पुत्री के साथ मालदीव गयी हैं और जाते समय मुंबई ठहराव था। उनकी पुत्री 20 साल की हो गयी हैं और वह मालदीव में गोताखोरी का निरीक्षक स्तर का कोर्स पूरा कर रही हैं। प्रियंका गांधी 30 जून को स्वदेश लौट आएंगी।’
गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना के कई विधायकों की बगावत करने के बाद राज्य में महा विकास आघाड़ी सरकार संकट में आ गई है। कांग्रेस भी इस सरकार का हिस्सा है।
Advertisement