बाल-बाल बचे 191 यात्री, 26 हजार फीट से अचानक नीचे गिरने लगा बोइंग विमान
शंघाई: जापान में एक और बोइंग 737 विमान दुर्घटना से बाल-बाल बच गया, जब तकनीकी खराबी के कारण उड़ान के दौरान वह अचानक तेज़ी से नीचे आने लगा। यह विमान चीन के शंघाई से उड़कर जापान की राजधानी टोक्यो जा रहा था, जिसमें 191 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद प्रेशराइजेशन सिस्टम में खराबी आने के कारण विमान को 26,000 फीट की ऊंचाई से 10 मिनट में नीचे लाना पड़ा। इस घटनाक्रम के दौरान यात्री बेहद घबरा गए और फ्लाइट के अंदर अफरातफरी मच गई। एयर होस्टेस द्वारा वॉर्निंग जारी करते ही लोग चिल्लाने और रोने लगे। कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दिया, तो कुछ ने विदाई संदेश और वसीहतें तक लिख डालीं।
क्या हुआ फ्लाइट में?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बोइंग 737 विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। जांच में पता चला कि केबिन में हवा का दबाव बनाए रखने वाले सिस्टम में फॉल्ट आया है। इस दौरान पायलटों ने तुरंत विमान को नीचे लाने का निर्णय लिया, ताकि स्थिति को काबू में लाया जा सके।
यात्रियों में दहशत
विमान में सवार यात्रियों के मुताबिक, जैसे ही फ्लाइट नीचे आने लगी, एयर होस्टेस ने चेतावनी दी, जिससे घबराहट और बढ़ गई। एक यात्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मेरा शरीर अभी यहीं है, लेकिन मेरे पैर कांप रहे हैं। जीवन और मृत्यु का सामना करते वक्त बाकी सब कुछ बेमानी लगने लगता है।"
सौभाग्यवश, विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई और किसी भी यात्री को शारीरिक चोट नहीं आई। लैंडिंग के बाद विमान को लगभग एक घंटे तक वहीं रोके रखा गया और फिर यात्रियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। जापान एयरलाइंस ने घटना पर खेद जताते हुए यात्रियों को लगभग 10,000 रुपये (¥20,000 जापानी येन) मुआवज़े की पेशकश की है। एयरलाइंस ने बताया कि तकनीकी टीम मामले की पूरी जांच कर रही है।
बोइंग पर फिर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल के महीनों में बोइंग विमानों को लेकर विश्वभर में कई सुरक्षा संबंधी चिंताएं उठ चुकी हैं। कई देशों में बोइंग 737 मॉडलों की उड़ानों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस तकनीकी गड़बड़ी की जड़ क्या थी।