160 करोड़ की लागत से बनेगा बाईपास : राव नरबीर
NULL
रेवाड़ी: लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि नव वर्ष में रेवाड़ी के झज्जर रोड़ से नारनौल रोड़ को जोडऩे वाले बाईपास का काम शुरु हो जाएगा। 160 करोड़ की लागत से बनने वाले इस बाईपास से रेवाड़ी के लोगों को बेहद फायदा होगा। राव नरबीर सिंह आज यहां रेस्ट हाउस में भाजपा रेवाड़ी मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला, गुरुग्राम लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक लक्ष्मण यादव, मंडल अध्यक्ष मोहन तिवाड़ी, अमित यादव, रामपाल यादव, महिला जिलाध्यक्ष चांदनी चांदना, शैलेंद्र सतीजा, अशोक मुदगिल, संजय रुस्तगी समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने शहर में लोकल बस चलाने, मसानी रोड़ निर्माण कार्य पूरा कराने, डबल फाटक पर रेलवे अंडरपास बनवाने सहित अनेक मांगे रखी। लोकनिर्माण मंत्री ने उक्त मांगों का जल्द समाधान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि खट्टर सरकार में प्रदेश को विकास को बुलंदी पर ले जाने का कार्य किया है। लोकनिर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते के साथ ही विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ा है और आने वाले समय में यह और तेज गति से दौड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव व पक्षपात के विकास कार्य को अंजाम दिया है तथा जो कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उधर, धारुहेड़ा स्थित संतोष रानी धर्मशाला में धारुहेड़ा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की मनोहर सरकार लोगों की उम्मीदों के मुताबिक समान विकास करा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में सरकार ने क्षेत्रवाद व जातिवाद की राजनीति को समाप्त करते हुए विकास कार्य कराए हैं। पार्टी कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश सैनी, रामपाल यादव, राव शिवदीप सिंह पूर्व सरपंच सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की बदौलत लोगों का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत यह साबित करती है कि जनता विकास चाहती है। हरियाणा की मनोहर लाल सरकार केंद्र सरकार की तरह विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
तीन साल के शासन में भय व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देकर लोगों का मन जीता है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें जहां जातिवाद व क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने का काम करती थी, वहीं सरकार ने 36 बिरादरी को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों के सुधारीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में हरियाणा सड़कों के मामले में अव्वल होगा। राव नरबीर सिंह ने कहा कि रेवाड़ी में लोकनिर्माण विभाग द्वारा सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मसानी-रेवाड़ी फोर लेन का कार्य चल रही है, वहीं पुलिस लाइन से धारुहेड़ा चौक तक नई सड़क बनाई जा रही है, जिसका कार्य भी जल्द शुरु हो जाएगा।
लोकनिर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले तीन साल के दौरान व्यवस्था परिवर्तन करने की दिशा में बड़े कदम उठाएं हैं, जिनका आमजन को जहां लाभ मिल रहा है, वहीं लोगों ने इसकी सराहना भी की है। यही कारण है कि देश में जहां भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है, वहीं कांग्रेस व अन्य क्षेत्रीय पार्टियां पूरी तरह सिमट चुकी है। जनता विकास चाहती है और विकास केवल भारतीय जनता पार्टी ही करा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह सरकार की योजनाओं व नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें, ताकि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।