Weekend Curfew के दौरान दिल्ली में कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,500 लोगों पर मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में 8 जनवरी को वीकेंड कर्फ्यू के पहले दिन कोविड नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में करीब 1,500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
07:36 PM Jan 09, 2022 IST | Desk Team
राजधानी दिल्ली में कोरोना के कोहराम को देखते हुए सख्ती जारी है। संक्रमण को काबू करने के लिए शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है। दिल्ली पुलिस कर्फ्यू और कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपट रही है इसके लिए एफआईआर दर्ज करने से लेकर चालान काटने तक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
Advertisement
1,500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में 8 जनवरी को वीकेंड कर्फ्यू के पहले दिन कोविड नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में करीब 1,500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, शनिवार, 8 जनवरी को कुल 1,484 कोविड चालान काटे गए।
सोमवार सुबह 5 बजे तक कड़ा कर्फ्यू लागू
कोविड-19 के और प्रसार को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में इस समय शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक कड़ा कर्फ्यू लागू है।अधिकारी ने कहा कि कोविड नियमों के उल्लंघन के अलावा, भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत 384 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। नए ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण दिल्ली में कोविड-19 से संक्रमण से पैदा हुए हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।
लॉकडाउन करने की कोई योजना नहीं-अरविंद केजरीवाल
इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में लॉकडाउन करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि रविवार को दिल्ली में लगभग 22,000 कोविड-19 मामले सामने आने की संभावना है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों से वीकेंड कर्फ्यू दिशानिर्देशों का पालन करने और कोविड-19 से बचाव के लिए लागू नियमों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया है।
‘प्रकाश परब’ के अवसर पर कोविड दिशानिर्देशों गुरुद्वारों में जाने की अनुमति
इस बीच दिल्ली सरकार ने शनिवार को सुंडा (9 जनवरी) को होने वाले गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के मौके पर छूट देने का ऐलान किया। सरकार ने भक्तों को ‘प्रकाश परब’ के अवसर पर कोविड दिशानिर्देशों और कोविड के उचित व्यवहार के सख्त अनुपालन के साथ गुरुद्वारों में जाने की अनुमति दी है।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी एक नोटिस में कहा गया है, 9 जनवरी को होने वाले गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भक्तों को दिल्ली के गुरुद्वारों में जाने की अनुमति दी जाएगी, बशर्ते वे भारत सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
Advertisement