कोरोना का कहर : टोक्यो 2020 ओलंपिक को स्थगित करने के लिए राजी हुआ जापान
आबे ने आईओसी अध्यक्ष थामस बाक से मंगलवार को फोन पर बात कर टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को स्थगित करने की बात रखी
06:58 PM Mar 24, 2020 IST | Desk Team
दुनिया भर में फैला कोविड 19 महामारी के बीच टोक्यो ओलंपिक पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) पर भी दिन पर दिन ओलंपिक खेलों को स्थगित करने का दबाव बढ़ गया है। कनाडा, ऑस्ट्रेलिया पहले ही टोक्यो ओलंपिक 2020 में हिस्सा लेने से इनकार कर चुके हैं तो वहीं, अमेरिका, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड भी उन देशों में शामिल हो गए हैं जो इन खेलों को टालने की मांग कर रहे हैं। इस बीच जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भी कोरोना वायरस महामारी के कारण टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को एक साल के लिए स्थगित करने पर समहति जताई है।
आबे ने आईओसी अध्यक्ष थामस बाक से मंगलवार को फोन पर बात कर टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को स्थगित करने की बात रखी। आबे ने कहा, मैंने खेलों को एक साल के लिए स्थगित करने की पेशकश की और अध्यक्ष बाक ने इस पर शत प्रतिशत सहमति जताई हैं। आबे ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते अगर टोक्यो 2020 ओलंपिक में सभी देश और खिलाड़ी भाग नहीं ले पाते हैं तो उनको स्थगित करना अपरिहार्य होगा।
ज्ञात हो, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा वायरस के चलते पहले ही ओलंपिक से पीछे हट चुके हैं। वहीं, अमेरिका ओलंपिक समिति भी कह चुका है कि खेलों को स्थगित करना ही सर्वश्रेष्ठ विकल्प होगा। साथ ही विश्व एथलेटिक्स समेत विश्व भर के खेल महासंघों ने जुलाई से शुरू होने वाले इन खेलों को आगे बढ़ाने की मांग की है।
Advertisement
Advertisement