For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

झारखंड में NCP के इकलौते विधायक कमलेश पर चलेगा दलबदल का केस, 12 अक्टूबर को पहली सुनवाई

08:50 PM Sep 28, 2023 IST | Prateek Mishra
झारखंड में ncp के इकलौते विधायक कमलेश पर चलेगा दलबदल का केस  12 अक्टूबर को पहली सुनवाई

झारखंड विधानसभा के स्पीकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक कमलेश सिंह के खिलाफ दलबदल की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस भेजा है। कमलेश सिंह झारखंड विधानसभा में हुसैनाबाद सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह NCP के अजीत पवार गुट के साथ चले गए हैं।

इस पर NCP शरद पवार गुट के महाराष्ट्र के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने उनके खिलाफ झारखंड विधानसभा के स्पीकर के पास दल-बदल की शिकायत की थी। इसी शिकायत के आलोक में स्पीकर का ट्रिब्यूनल इस मामले में 12 अक्टूबर को पहली सुनवाई करेगा। इसकी सूचना कमलेश सिंह के अलावा शिकायतकर्ता को भी भेज दी गई है।

स्पीकर ट्रिब्यूनल ने दोनों पक्षों को पहली सुनवाई में उपस्थित होकर मौखिक या लिखित रूप में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से जवाब देने को कहा है। स्पीकर को भेजे शिकायत पत्र में महाराष्ट्र के NCP (शरद गुट) के विधायक जितेंद्र ने कहा था कि कमलेश सिंह पार्टी लाइन से अलग हट कर काम कर रहे हैं। वह पार्टी के नीति-सिद्धांत के विपरीत काम कर रहे हैं।

ऐसे में उनके खिलाफ संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत दलबदल के मामले में कार्रवाई की जाए। इस मामले में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने विधायक कमलेश सिंह को लिखित रूप में 27 सितंबर तक अपना पक्ष रखने को कहा था। इस पर जवाब देते हुए कमलेश सिंह कहा है कि वह अजीत पवार गुट में हैं, क्योंकि यही असली NCP है।

इधर, अजीत पवार गुट की ओर से भी स्पीकर को अवगत कराया गया है कि NCP विधायक कमलेश सिंह उनके साथ हैं। अजीत पवार गुट ने स्पीकर को लिखे पत्र में कहा है कि उनके खिलाफ दलबदल का मामला नहीं चलाया जा सकता, क्योंकि फिलहाल NCP से संबंधित मामला चुनाव आयोग में चल रहा है।

 

Advertisement
Advertisement
Author Image

Prateek Mishra

View all posts

Advertisement
×